हरियाणा: बेनतीजा रही बैठक, जारी रहेगा आंगनबाड़ी वर्कर्स का आंदोलन, दूसरी ओर श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए हुआ साक्षात्कार
25-26 फरवरी को सभी जिलों में भाजपा के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और जिला प्रमुखों के कैंप कार्यालयों पर 24 घंटे का पड़ाव डाला जाएगा। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों में अगले दो दिन शहरों में जुलूस निकालते हुए चंदा एकत्रित किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स के मुद्दों पर सोमवार को चंडीगढ़ सिविल सचिवालय में हुई बैठक बेनतीजा रही। तालमेल कमेटी ने राज्य भर में आंदोलन को तेज करते हुए जनता के बीच जाने और 25 -26 फरवरी को भाजपा नेताओं के कार्यालयों के बाहर धरना दिया जाएगा। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान घेराव का फैसला 23 फरवरी को लिया जाएगा।
आंदोलन खत्म कराने को लेकर कई घंटे तक बैठक चली। बैठक में विभाग की वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव जी अनुपमा, निदेशक हेमा शर्मा, संयुक्त निदेशक राजबाला मौजूद रहे। बैठक में तालमेल कमेटी की ओर से शकुंतला, देवेंद्री शर्मा, कृष्णा, पुष्पा दलाल, रुपा राणा सीटू राज्य महासचिव जय भगवान, यूटीयूसी राज्य अध्यक्ष राजेंद्र एडवोकेट, उपाध्यक्ष ईश्वर राठी आदि शामिल थे।
सारी मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन सरकार की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलने के चलते कोई सहमति नहीं बन पाई। इसलिए आंदोलन वापस लेने की अपील को तालमेल कमेटी ने सिरे से खारिज कर दिया।
आंदोलन को और तेज करेगी कमेटी
बैठक बेनतीजा होने के बाद अब कमेटी ने आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया है। आंदोलनकारी महिलाओं और आईसीडीएस से प्रभावित तबकों पर भाजपा सरकार के रुख को लेकर 10 लाख हैंडबिल छपवाकर वितरित किए जाएंगे। 24 फरवरी से गांव और शहर की बस्तियों में वर्कर्स और हेल्पर्स घर-घर दस्तक देंगी और नुक्कड़ बैठक करेंगी और भाजपा सरकार के पुतले जलाए जाएंगे।
दूसरी ओर श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए हुआ साक्षात्कार, मंत्री कमलेश ढांडा की अध्यक्षता में हुई अवार्ड समिति की बैठक
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सोमवार को यहां श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए साक्षात्कार हुए।
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा की अध्यक्षता में राज्य महिला अवॉर्ड समिति की बैठक हुई। साक्षात्कार से पहले जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने परीक्षा आयोजित की थी। उसके बाद मेरिट के आधार पर सूची सिफारिशों के साथ राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भेजी गई। बैठक में सूची में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साक्षात्कार लिए गए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधान सचिव डॉ. जी अनुपमा, महानिदेशक हेमा शर्मा भी मौजूद रहीं। ढांडा ने बताया कि महिला सशक्तीकरण को लेकर हरियाणा और केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान देने व प्रोत्साहित करने के लिए हर साल 8 मार्च को महिला दिवस पर पुरस्कार दिए जाते हैं।
उन्हें लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी सेवाओं के तहत बाल विकास व संबंधित क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य करने पर श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को राज्य स्तरीय पुरस्कार देता है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश व केंद्र सरकार उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत डेढ़ लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत एक लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, बहन शन्नो देवी पंचायती राज अवार्ड के तहत एक लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र, लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत करती है।