अमित शाह जाएंगे पंजाब: एक माह के अंदर दूसरा दौरा, झोटा और गुलजार के परिवारों से कर सकते हैं मुलाकात
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नशा विरोधी कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमलों, उन्हें परेशान किए जाने और उनके आत्महत्या करने के मामलों पर पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी।
विस्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्तूबर को पंजाब के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं। झोटा की 13 अक्तूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शाह गुरदासपुर में नशा विरोधी कार्यकर्ता बिक्रमजीत सिंह के परिवार से भी मिल सकते हैं। बिक्रमजीत की 15 अक्तूबर की रात नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने पर कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। शाह संगरूर में मजदूर गुलजार सिंह के परिवार से भी मुलाकात कर सकते हैं। गुलजार ने नशे के खिलाफ आवाज उठाने के बाद आत्महत्या कर ली थी और इसके लिए कई लोगों को जिम्मेदार ठहराया था।
एक माह के भीतर पंजाब का दूसरा दौरा
भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पर शाह के दौरे की जानकारी साझा की है। करीब एक माह के भीतर यह शाह का पंजाब का दूसरा दौरा होगा।
पंजाब सरकार से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नशा विरोधी कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमलों, उन्हें परेशान किए जाने और उनके आत्महत्या करने के मामलों पर पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। मंत्रालय ने झोटा की हत्या और गुलजार की आत्महत्या का संज्ञान लेते हुए कहा था कि ऐसी घटनाओं का कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। केंद्र ने मुख्यमंत्रियों के साथ साझा किए गए नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029) पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।
शाह ने किया था मान से सवाल
शाह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया था कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा था कि दिड़बा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में झोटा की दिनदहाड़े हत्या पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पंजाब नशे की समस्या से जूझ रहा
बिट्टू ने रविवार को शाह के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। इसके लिए निर्णायक कार्रवाई, मजबूत नेतृत्व और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने के दृढ़ संकल्प की जरूरत है। उन्होंने लोगों से शाह का समर्थन करने और पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के सामूहिक प्रयास पर भरोसा रखने की अपील की।