{"_id":"65c51f3d3c59c63df40df48a","slug":"alka-lamba-claims-decision-on-aap-congress-alliance-in-punjab-in-two-weeks-2024-02-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"अलका लांबा का दावा: पंजाब में आप-कांग्रेस गठबंधन पर फैसला दो हफ्ते में, दिल्ली में समझौता लगभग तय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अलका लांबा का दावा: पंजाब में आप-कांग्रेस गठबंधन पर फैसला दो हफ्ते में, दिल्ली में समझौता लगभग तय
Fri, 09 Feb 2024 12:12 AM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Fri, 09 Feb 2024 12:12 AM IST
सार
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच पंजाब में गठबंधन पर फैसला अगले दो हफ्ते में ले लिया जाएगा। यह दावा कांग्रेस नेता अलका लांबा ने किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के हाईकमान के मध्य बातचीत जारी है। दिल्ली में दोनों दलों के मध्य समझौता लगभग तय हो चुका है।
विज्ञापन
अलका लांबा।
- फोटो : एएनआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रधान अलका लांबा ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच दिल्ली की सीटों के बारे में समझौता होना लगभग तय हो चुका है। पंजाब व चंडीगढ़ में भी दोनों पार्टियों के बीच समझौते को लेकर बातचीत जारी है। अगले दो हफ्ते में फैसला हो जाएगा।
विज्ञापन
पंजाब कांग्रेस भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अलका लांबा ने यह भी कहा कि भले ही राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और आप एक साथ आ रही हैं लेकिन पंजाब व दिल्ली में आप की सरकारों की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस मजबूत विपक्ष के रूप में निगरानी करती रहेगी। पंजाब की आप सरकार पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग के आरोपों के बारे में पूछे गए सवाल पर लांबा ने कहा कि अगर दिल्ली और पंजाब की सरकारें कुछ गलत करती हैं तो कांग्रेस उनका डटकर विरोध करेगी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि पंजाब में अगर आप सरकार महिलाओं से किए वादे पूरी नहीं करेगी तो कांग्रेस भगवंत मान सरकार से अवश्य सवाल करेगी। कोई भी विपक्ष की आवाज को दबा नहीं सकता और कांग्रेस गलत को गलत ही कहेगी। अलका लांबा महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रधान बनने के बाद पहली बार चंडीगढ़ पहुंची हैं।
विज्ञापन
लांबा ने कांग्रेस और आप के बीच समझौते संबंधी बयान देकर पंजाब में दोनों दलों के नेताओं में बैचेनी फैला दी है। परस्पर गठबंधन का विरोध करते रहे दोनों दलों के नेता कई बार अपने-अपने हाईकमान के समक्ष यह साफ कर चुके हैं कि वह पंजाब में कोई गठबंधन नहीं चाहते। इसी आधार पर दोनों दलों ने आगामी लोकसभा चुनाव पंजाब में अकेले लड़ने का फैसला भी ले लिया है और सूबे की सभी 13 सीटों पर अपने-अपने प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू कर दी है।