चंडीगढ़ : सात महीने बाद सुखना लेक में बोटिंग का मजा, नवंबर में खुल जाएगा टैगोर थियेटर, तैयारी शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सात महीने से भी ज्यादा का समय बीत जाने के बाद रविवार से सुखना लेक पर बोटिंग का रोमांच शुरू होगा। सुबह 9 बजे के बाद से शहरवासी और पर्यटक बोटिंग का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों के तहत हर फेरी के बाद नाव को सैनिटाइज भी करना होगा।
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए 18 मार्च को चंडीगढ़ प्रशासन ने सुखना लेक में बोटिंग बंद कर दी थी। लेक पर बच्चों का प्ले एरिया भी बंद था। प्रशासन ने बीते दिनों शर्तों के साथ बोटिंग की मंजूरी दी थी।
टिकट से पहले लोगों के शरीर का तापमान जांचा जाएगा। बोटिंग के दौरान भी सामाजिक दूरी को बरकरार रखा जा सके, इसलिए नाव पर भी उसकी क्षमता से 50 फीसदी सवारियों के ही बैठने की मंजूरी होगी।
जैसे- चार सीटों वाली नाव पर दो लोगों के बैठने की मंजूरी होगी। ठीक इसी तरह 24 सीट वाले क्रूज में सिर्फ 12 लोग ही बैठ सकेंगे और 15 सीट वाले क्रूज में सिर्फ 7 लोगों के बैठने की ही मंजूरी होगी।
लेक में फिलहाल दो सीटों वाले नाव को चलाने की मंजूरी नहीं दी गई है। इसके अलावा पर्यटकों सहित बोट संचालकों, ऑपरेटर और हेल्परों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। किट खरीदने के दौरान भी शारीरिक दूरी का ध्यान रखना होगा। किराए में अभी कोई इजाफा नहीं किया गया है।
सैलानियों के लिए कब खुलेगा रॉक गार्डन, कल होगा फैसला
18 मार्च से ही शहर का प्रमुख पर्यटक स्थल रॉक गार्डन बंद पड़ा है। रॉक गार्डन को देखने के लिए विदेश से काफी संख्या में सैलानी चंडीगढ़ पहुंचते हैं। रॉक गार्डन कब खुलेगा, इसको लेकर सोमवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठक में फैसला लिया जा सकता है।
उधर, बोटिंग शुरू करने के फैसले के बाद संचालकों ने नाव को सौनिटाइज करना शुरू कर दिया है। शहरवासियों और पर्यटकों को टिकट काउंटर पर भी उचित दूरी रखने के लिए निशान बनाए गए हैं। जानकारी के अनुसार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए जाएंगे।
नवंबर में खुल जाएगा टैगोर थियेटर, तैयारी शुरू
कलाप्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। कोरोना के चलते बीते सात माह से बंद टैगोर थियेटर सहित अन्य थियेटर नवंबर में खोल दिए जाएंगे। अभी इसकी तिथि निर्धारित नहीं की गई है। वहीं, प्राचीन कला केंद्र में रविवार को शाम लाइव प्रोग्राम होगा।
बता दें शहर में कोई भी ऑफलाइन नाटक और कलात्मक कार्यक्रम हुए करीब सात महीने हो गए हैं। शहर की कला अकादमियों के साथ रंगमंच कलाकार भी कई बार प्रशासन को अकादमियां और थिएटर खोलने को लेकर बात कर चुके हैं। लेकिन अब प्रशासन ने इन्हें खोलने का मन बना लिया है।
केंद्र सरकार ने अपने दिशा-निर्देशों में 15 अक्टूबर से ओपन थियेटर खोलने की अनुमति दे दी थी। थियेटर कैसे खोले जाएं, इसका फैसला राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को खुद करना था। चंडीगढ़ में नवरात्रों को देखते हुए प्रशासन ने रामलीला के मंचन के अनुमति दे दी थी। इसके साथ ही सिनेमा हॉल भी खोल दिए गए। लेकिन कलाकारों के शहर में संगीत, रंगमंच और नृत्य आदि गतिविधियों के आयोजन की अनुमति नहीं मिल पाई।
प्रशासन कर रहा तैयारी, अभी तिथि तय नहीं
कोविड-19 केसों को देखते हुए अभी तक नाट्य थिएटर को खोलने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया था। प्रशासन अब कलात्मक गतिविधियों को फिर से शुरू करवाने की तैयारियां कर रहा है। दस से पंद्रह दिनों के बीच टैगोर व अन्य थिएटर खोल दिए जाएंगे। अभी इसके लिए कोई दिनांक निर्धारित नहीं की गई है। - सौरभ अरोड़ा, निदेशक , कल्चर
आज प्राचीन कला में आयोजित होगी पहली लाइव भजन संध्या
सेक्टर-35 प्राचीन कला केंद्र रविवार को शाम 5 बजे लॉकडाउन के बाद पहली लाइव भजन संध्या का आयोजन करने जा रहा है। इसमें योगामाया भट्टाचार्जी भजन प्रस्तुत करेंगी। इनके साथ जसंवत जस्सा की बोर्ड और सर्बजीत तबले पर होंगे।
दर्शकों को पहले ही निमंत्रण भेजकर सीटें बुक की गई हैं। ऑडिटोरियम में 150 दर्शकों की जगह हैं लेकिन सिर्फ 30 दर्शकों की ही बुकिंग की गई है। निमंत्रण पत्र में ही बिना मास्क नो एंट्री की सूचना प्रकाशित की गई है। वहीं हॉल को पहले ही सैनिटाइज करवा लिया गया है और कार्यक्रम से डेढ़ घंटे पहले भी दोबारा सैनेटाइज करवाया जाएगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अन्य दर्शकों के लिए सोशल मीडिया पर किया जाएगा।