शादी कर कोर्ट पहुंचा सुरक्षा मांगने, दुल्हन को छोड़कर भागा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी करने के तुरंत बाद युवक ने कुछ ऐसा काम कर दिया, जानकर सबके होश उड़ गए। शादी घर से भाग की थी। मामला चंडीगढ़ का है। हुआ यूं कि चंडीगढ़ जिला अदालत में एक जोड़ा शादी के बाद सुरक्षा मांगने के लिए पहुंचा, लेकिन कोर्ट पहुंचने पर युवक युवती को छोड़कर भाग गया।
क्योंकि वहां पर युवती का भाई अपने दोस्तों के साथ मौजूद था, जिसे देखकर वह भाग गया। इसके बाद युवती ने काफी हंगामा किया। इस पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और उसे उसके भाई से छुड़वाया।
दरअसल हुआ यूं कि अमृतसर के पास थाना गरिंडा के गांव पघना से एक प्रेमी युगल कई दिनों पहले घर से भागा हुआ था। सूत्रों के अनुसार वे दोनों पहले गुरुद्वारे में शादी कर चुके हैं।
घरवालों के डर से दोनों प्रोटेक्शन लेने के लिए सोमवार को जिला अदालत पहुंचे। यहां पहुंचते ही जैसे ही दोनों सुरक्षा गेट से एंट्री करने लगे, तभी युवती का भाई वहां पहुंच गया। युवती के भाई और उसके साथ 3-4 अन्य युवकों को देखते ही प्रेमी वहां से भाग गया।
युवती का भाई के साथ जाने से इंकार, पुलिस ने नारी निकेतन भेजा
इससे पहले कि युवती का भाई उसे जबरन अपने साथ ले जाता युवती ने गेट को पकड़ लिया और शोर मचा दिया। इससे वहां तैनात पुलिसकर्मी पहुंचे और युवती को उनके चंगुल से छुड़वाया।
भाई के कब्जे से छूटते ही युवती ने भी भागने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। हंगामा होते देख वहां काफी भीड़ जुट गई। इसके बाद युवती को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में भेजा गया। वहां उसे काफी देर तक बिठाए रखा।
भाई के साथ जाने से इंकार करने पर सेक्टर-43 पुलिस चौकी को इस बारे में सूचना दी गई। पुलिस युवती और उसके भाई को चौकी ले गई। वहां से पुलिस ने युवती के फोन से प्रेमी को कॉल करवाया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था।
वहीं युवती भाई के साथ न जाने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस ने उसे नारी निकेतन भेज दिया। सूत्रों के अनुसार देर शाम प्रेमी सेक्टर-43 चौकी पहुंचा था। पुलिसकर्मियों ने उसे बताया कि युवती को नारी निकेतन भेज दिया गया है।