लोकसभा चुनाव 2024: चंडीगढ़ में भी कांग्रेस-आप की राहें जुदा, अकेले दम पर लड़ने को तैयार दोनों दल
मेयर चुनाव में हुआ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन लोकसभा चुनाव में परवान नहीं चढ़ेगा। दोनों ही दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने तो अपना चुनाव कार्यालय भी खोल दिया है। वहीं आप फरवरी के आखिर तक प्रत्याशी की घोषणा कर देगी।
विस्तार
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा के खिलाफ गठबंधन में लड़ने वाली आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की राहें लोकसभा चुनाव में अलग-अलग होंगी। अब दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने चुनाव कार्यालय खोल दिया है तो आम आदमी पार्टी सेक्टर-39 स्थित दफ्तर में चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव के लिए अपना वॉर रूम तैयार कर रही है।
पंजाब के खन्ना में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा कर दी है कि पंजाब की सभी 13 और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी।
आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी। आप अपने उम्मीदवार की घोषणा भी इस माह के अंत तक कर देगी। इस घोषणा के साथ चंडीगढ़ में गठबंधन की चर्चाओं पर विराम लग गया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता चाहते थे कि पार्टी अकेले चुनाव लड़े तो कांग्रेस खेमा अभी भी इस बात की उम्मीद में है कि दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता एक साथ बैठकर आखिरी फैसला लेंगे।
केजरीवाल के बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर कांग्रेस को घेरने का मौका मिल गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि अब पवन कुमार बंसल को जवाब देना चाहिए।
उधर, आम आदमी पार्टी की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया वार्ड के छोटे-छोटे उद्घाटन के कार्यक्रमों में भी नजर आ रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बना सकती है।
बिना कार्यकारिणी के चुनाव जीतने का दम भर रही आप
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भले चंडीगढ़ लोकसभा सीट को जीतने का दम भर रहे हैं लेकिन पार्टी पिछले एक साल से बिना कार्यकारिणी के चल रही है। वर्तमान में पार्टी का न कोई प्रदेश अध्यक्ष है, न ही कोई महासचिव, न किसी अन्य पद पर कोई पदाधिकारी। ऐसे में आम आदमी पार्टी कैसे लोकसभा चुनाव जीतेगी, यह बड़ा सवाल है।
लोकसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं रह गया है। ऐसे में कार्यकारिणी की घोषणा और उसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रख पाना बड़ी चुनौती है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया ने कहा कि कार्यकारिणी लगभग तैयार है। जल्द ही इसकी घोषणा होगी। इसके बाद सभी कार्यकर्ता और नेता एक साथ मिलकर चुनाव में उतरेंगे।
आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। सेक्टर-39 में वॉर रूम का गठन किया जा रहा है। मेयर चुनाव में भाजपा ने जो धांधली की है, उसे लेकर हम घर-घर जाएंगे और लोगों को बताएंगे। पार्टी की कार्यकारिणी की भी घोषणा जल्द कर दी जाएगी। - डॉ. एसएस अहलूवालिया, प्रदेश सह-प्रभारी, आप।
मुझे लगता है कि गठबंधन का फैसला दोनों पार्टियों के नेता एक साथ बैठकर ही लेंगे। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ में भाजपा को हराना चाहती है तो उन्हें हमारा साथ देना चाहिए। अगर वह साथ आ गए तो ठीक है अन्यथा कांग्रेस अपने संगठन के बलबूते पर भी चुनाव जीतने के लिए तैयार है। - एचएस लक्की, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस।
भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा के कार्यकर्ता मोदी की गारंटी को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। गठबंधन अब नहीं हो रहा है तो पवन बंसल को जवाब देना चाहिए क्योंकि उन्हें पूरी उम्मीद थी। विपक्ष पूरे देश में ही बिखर गया है। भाजपा बस अपना कार्य जारी रखेगी। - जेपी मल्होत्रा, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा।