{"_id":"646530400f0e37a84d069533","slug":"aap-mla-kunwar-vijay-pratap-said-corruption-in-civic-body-department-at-its-peak-2023-05-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"AAP विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा: कहा- निकाय विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
AAP विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा: कहा- निकाय विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
Thu, 18 May 2023 01:26 AM IST
ajay kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर (पंजाब)
Published by: ajay kumar
Updated Thu, 18 May 2023 01:26 AM IST
सार
विधायक ने कहा कि नगर निगम का एमटीपी विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। अधिकारी किसी जन प्रतिनिधि की शिकायतों पर भी ध्यान नहीं देते। हालात ये हैं कि भ्रष्टाचार के चलते आम व्यक्ति को न्याय नहीं मिल रहा है।
विज्ञापन
कुंवर विजय प्रताप सिंह।
- फोटो : फाइल
विस्तार
अमृतसर नॉर्थ विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक व पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने फिर अपनी ही सरकार के खिलाफ आवाज उठाई है। विधायक का कहना है कि स्थानीय निकाय विभाग में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। शिकायत करने व सबूत देने के बावजूद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। यहां तक कि खुलेआम नगर निगम के कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने ये बातें अमृतसर में पत्रकारों से कहीं।
विज्ञापन
विधायक ने कहा कि नगर निगम का एमटीपी विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। अधिकारी किसी जन प्रतिनिधि की शिकायतों पर भी ध्यान नहीं देते। हालात ये हैं कि भ्रष्टाचार के चलते आम व्यक्ति को न्याय नहीं मिल रहा है। शहर में अवैध इमारतों व होटलों का निर्माण खुलेआम हो रहा है। नियमों पर पूरी तरह नजर अंदाज करके बनाई जा रही इमारतों को रोकने के लिए कोई अधिकारी सुनवाई करने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन
रोक के बावजूद बन रहीं इमारतें
शहर के अंदरूनी क्षेत्र में अदालत की ओर से निर्माण कार्यों पर रोक लगी हुई है लेकिन वहां बड़े-बड़े होटल गैर-कानूनी ढंग से बन गए हैं। शहर के पॉश इलाके ग्रीन एवेन्यू में एक स्कूल की बहुमंजिला इमारत बनकर तैयार हो गई है, जबकि वहां इतनी बढ़ी इमारत नियमों के अनुसार बनाई ही नहीं जा सकती।
विज्ञापन
विभाग ने कैसे इस इमारत को बनाने के लिए एनओसी दे दी। इस पर कोई भी अधिकारी जवाब नहीं दे रहा है। अवैध निर्माण को लेकर लगातार स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर को शिकायतें दी गईं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आम आदमी पार्टी जो संघर्ष से निकली है और आम लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य देने के लिए वचनबद्ध है फिर भी अधिकारी खुलेआम मनमानी कर रहे हैं।