संगरूर उपचुनाव विश्लेषण: CM मान के विस क्षेत्र में आप को बढ़त, वित्त व शिक्षा मंत्री के क्षेत्र में पिछड़ी, भाजपा को दिखने लगी बड़ी उम्मीद
संगरूर लोकसभा उपचुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी चौथे स्थान पर रही है लेकिन सुनाम और लहरागागा विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने कांग्रेस और अकाली दल को पछाड़कर तीसरे स्थान पर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संगरूर लोकसभा उपचुनाव में अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। मतगणना के दौरान एक भी पल ऐसा नहीं रहा, जब लगा हो कि मुकाबला एकतरफा हो गया है। अंत तक हार जीत का अंतर बेहद करीब रहा और मुकाबले में रोचकता अंतिम दौर तक बनी रही। इस चुनाव नतीजे की राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है लेकिन संगरूर ने आप को इस कदर आंख दिखाई कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तक घबरा गया है।
जानकार मानते हैं कि आप ने सीएम के गढ़ में ऐसी हार की कल्पना नहीं की थी। सीएम भगवंत मान इसी संसदीय क्षेत्र की धूरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। हालांकि धूरी से आप को 10 हजार मतों से ज्यादा बढ़त मिली है लेकिन वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के दिड़बा विस हलके में 7553 मतों से शिकस्त और शिक्षा मंत्री मीत हेयर के बरनाला विस हलके से आप की शिकस्त को शीर्ष नेतृत्व पचा नहीं पा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने यहां जीत तय करने के लिए पूरी ताकत झोंकी थी। प्रचार के दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव में किए कई अहम वादों को लागू करने की घोषणा भी की थी, जिसमें एक जुलाई से मुफ्त बिजली योजना लागू करना प्रमुख है लेकिन आप का कोई भी दांव, काम नहीं कर पाया।
मालेरकोटला विधानसभा क्षेत्र में भी आप 8101 मतों से पिछड़ गई और मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं को सिमरनजीत सिंह मान अपनी तरफ खींचने में सफल रहे। सुनाम में आप की 1483 मतों से बढ़त, संगरूर से 2492 मतों से बढ़त, लहरागागा से 2790 मतों की बढ़त भी आप की हार को रोक नहीं सकी। भदौड़ से सिमरनजीत सिंह मान को 7125 मतों की बढ़त ने आप को मुकाबले से बाहर कर दिया।
भाजपा को दिखने लगी उम्मीद
संगरूर लोकसभा उपचुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी चौथे स्थान पर रही है लेकिन सुनाम और लहरागागा विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने कांग्रेस और अकाली दल को पछाड़कर तीसरे स्थान पर रही है। इन आंकड़ों से भाजपा में आशा की किरण जागी है। लहरागागा में भाजपा को 9909 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस को 6957 और अकाली दल को 5100 वोट मिले।
सुनाम में भाजपा को 7822 वोट मिले जबकि कांग्रेस को 6173 और अकाली दल को 5673 वोट मिले हैं। ऐसे में भाजपा को यहां से उम्मीद दिखने लगी है। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई तेज तर्रार नेता दामन बाजवा ने कहा कि पंजाब में भाजपा को लेकर लोगों का मन धीरे-धीरे बदल रहा है। संगरूर उपचुनाव में सुनाम व लहरागागा क्षेत्रों के प्रदर्शन ने साबित कर दिया है कि लोग भाजपा को चाहते हैं। भाजपा पंजाब के जन मुद्दों को लेकर संघर्ष करने के अपने एजेंडे को जल्द अमली रूप देगी और लोगों को अपने साथ जोड़ेगी।
एजसीपीसी अध्यक्ष धामी ने दी सिमरनजीत मान को बधाई
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने सिमरनजीत सिहं मान को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सिमरनजीत सिंह मान संसद में पहुंचकर सिखों के मामलों को गंभीरता से उठाएंगे। संगरूर के लोगों ने सिरमनजीत सिंह मान में विश्वास जताया है इसलिए मान की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
धामी ने आश प्रकट की है कि पंजाब व खासकर सिख पंथ से संबंधित मामले जिनके प्रति देश की समय-समय की सरकारों ने लंबे समय तक नजरअंदाज किया, उनके हल के लिए मान आवाज उठाएंगे। इसके लिए पंजाब के सभी संसद सदस्यों की भी एक जिम्मेदारी है। मौजूदा समय में जेलों में बंद सिखों की रिहाई का मामला अहम है। सजाएं पूरी कर चुके सिखों को सरकार के एलान के बावजूद रिहा नहीं किया जा रहा है। यह भारत तैसे लोकतांत्रिक देश में अन्याय है। पंजाब के सभी संसदों को इस मामले में सामूहिक प्रयास करने चाहिए।