टीकाकरण: सिरसा सहित 8 जिले 50 प्रतिशत भी नहीं छू पाए, लक्ष्य 31 दिसंबर तक 100 फीसदी टीकाकरण का
टीकाकरण इसी गति से चले तो जनवरी भी बीत जाएगी, विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद 55 फीसदी लोग ही दोनों खुराक लेने आए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद हरियाणा में लोग दूसरी खुराक लेने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। प्रदेश में मात्र 55 फीसदी लोग ही दोनों खुराक लेने पहुंचे हैं। 8 जिले दूसरी खुराक का लक्ष्य 50 प्रतिशत तक का लक्ष्य भी नहीं छू पाए हैं। नूंह, हिसार और फतेहाबाद का प्रतिशत अन्य सभी जिलों से कम है।
हरियाणा सरकार ने 31 दिसंबर तक पूरे प्रदेश को टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन जिस गति से अभियान चल रहा है, उससे अभी और समय लगेगा। इस समय रोजाना 1 से सवा लाख लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। ऐसे में रोजाना 2 लाख लोगों का टीकाकरण भी हो तो पूरा जनवरी बीतने पर सभी पात्र लोगों का टीकाकरण हो सकेगा।
विभाग के अनुसार, प्रदेश में 18 साल से अधिक की आयु वालों की संख्या कुल 2 करोड़ 5 लाख 80 हजार मानी गई है। अब तक हरियाणा में 3 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें से 1.89 करोड़ ने पहली और 1.12 करोड़ ने दोनों खुराक ली है। पहली खुराक का लक्ष्य 92 प्रतिशत दूसरी का लक्ष्य 55 फीसदी ही है।
नूंह में 13 फीसदी ने ही दूसरी डोज लगवाई
दूसरी खुराक में नूंह सबसे पीछे चल रहा है। यहां मात्र 13 फीसदी लोगों ने ही दोनों टीके लगवाए हैं। इसके बाद हिसार 37, जींद 39, फतेहाबाद 38, कुरुक्षेत्र 47, पलवल 40 और सिरसा 43, यमुनानगर जिले में 48 फीसदी तक लक्ष्य हासिल किया है।
गुरुग्राम 95 फीसदी लक्ष्य हासिल कर बना मिसाल
गुरुग्राम जिला टीकाकरण में दूसरी खुराक का 95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर चुका है। इसी प्रकार, अंबाला 88, चरखीदादरी 81, पंचकूला 79, फरीदाबाद 70, भिवानी जिला 63 और रेवाड़ी 62 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर चुका है। ये जिले पहली खुराक में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
टीकाकरण बढ़ावा देने को लेकर लगातार चल रही बैठकें
एनएचएम हरियाणा के एमडी प्रभजोत सिंह टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं। दूसरी खुराक को लेकर पिछड़ रहे जिलों को विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सामाजिक धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से टीकाकरण जागरूकता का भी आह्वान किया है।