कोरोना : पंजाब में 62 की मौत, 2924 पॉजिटिव मिले, पटियाला में प्रायोगिक परीक्षा के लिए खुल सकेंगे सीबीएसई स्कूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में मंगलवार को संक्रमण से 62 की मौत हो गई। संक्रमण के 2924 नए मामले सामने आए हैं। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 29 संक्रमितों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें एहतियातन वेंटिलेटर पर रखा गया है। पंजाब में संक्रमण से अब तक 7216 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 6145532 लोगों के सैंपल अब तक लिए जा चुके हैं। इनमें 257057 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
अब तक 223928 संक्रमित ठीक होकर घर जा चुके हैं। राज्य में 25913 सक्रिय मामले आ चुके हैं। 357 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कोविड-19 के नमूनों की संख्या बढ़ाकर 40 हजार से अधिक कर दी गई है।
मंगलवार को अमृतसर में 9, बरनाला में 1, बठिंडा में 2, फरीदकोट में 1, फाजिल्का में 1, फिरोजपुर में 1, गुरदासपुर में 5, होशियारपुर में 7, जालंधर में 6, कपूरथला में 5, लुधियाना में 5, मुक्तसर में 2, पटियाला में 4, रोपड़ में 1, संगरूर में 1, एसबीएस नगर में 3, तरनतारन में 3 मरीजों की मौत हो गई।
मोहाली में आठ की मौत, 326 संक्रमित मिले
मोहाली में कोरोना संक्रमण भयानक रूप धारण करता जा रहा है। बीते सोमवार को कोरोना काल के दौरान सबसे ज्यादा संक्रमित मामले सामने आने के बाद मंगलवार को सबसे ज्यादा मौतें जिले में हुई हैं। मंगलवार को 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के कारण आठ लोगों की मौत हो गई। कोरोना काल के दौरान एक दिन में संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की यह सबसे अधिक संख्या है। वहीं, 326 नए संक्रमित मिले हैं और 220 लोग संक्रमण से निजात पाकर घर लौट चुके हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण अपने चरम पर है। सोमवार को एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमण के 501 मामले सामने आए थे। इसके बाद मंगलवार को कोरोना संक्रमण के कारण आठ लोगों की मौत हो गई। कोरोना काल के दौरान एक दिन में मौतों का यह सबसे अधिक आंकड़ा है। जिले में कोरोना संक्रमण के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा 458 तक पहुंच गया है।
सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूलों को मिली बंद से छूट
सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों को कोरोना के कारण हुई बंदी से छूट दी गई है। यह आदेश सीबीएसई स्कूलों में मंगलवार से शुरू प्रायोगिक परीक्षाओं की वजह से जारी किया गया है। आदेश 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। आदेश में कहा गया है कि सिटी कोआर्डिनेटर सीबीएसई पटियाला ने पत्र के जरिए यह ध्यान में लाया है कि सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रायोगिक परीक्षाएं हो रही हैं।
उक्त परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में मंगलवार से 30 अप्रैल 2021 तक सीबीएसई से संबंधित स्कूलों को बंद के आदेश से छूट दी गई है। आदेश में साफ किया गया है कि उक्त छूट संबंधित विद्यार्थियों को प्रायोगिक परीक्षाओें वाले दिन के लिए दी गई है। सारे स्कूल प्रायोगिक परीक्षाओं की डेटशीट/शेड्यूल स्कूलों के नोटिस बोर्डों व डिस्पले करने के पाबंद होंगे। इसके अलावा स्कूल के प्रबंधकों/प्रिंसिपलों/प्रमुखों को हिदायत दी गई है कि परीक्षाओं के दौरान कोविड से संबंधित सरकार की ओर से समय-समय पर जारी हिदायतों का पालन सुनिश्चित करेंगे।