चंडीगढ़। केवाईसी अपडेट का झांसा देकर 47 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। बलटाना निवासी शाम सुंदर की शिकायत पर चंडीगढ़ साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक निजी कंपनी में काम करने वाले शाम सुंदर ने बताया कि एक व्यक्ति चार दिन से लगातार आधार कार्ड और पैन कार्ड का केवाईसी अपडेट करवाने के लिए कॉल कर रहा था। 15 जनवरी को उसने कहा कि केवाईसी अपडेट होने के बाद रूपे क्रेडिट कार्ड बनवा सकते हैं, जिसका काफी ज्यादा लाभ होगा।
केवाईसी अपडेट के लिए आरोपी ने वीडियो कॉल कर आधार और पैनकार्ड की फोटो खींचकर गैलेरी में सेव करने के लिए कहा। शातिर ने वीडियो कॉल के दौरान एक लिंक भेजकर खोलने के लिए कहा। इसके साथ कहा कि जब तक केवाईसी नहीं हो जाती फोन काटना नहीं। इसके बाद आधार के अंतिम चार अंक दिखाने को कहा। फोन कटने के 15 मिनट बाद बैंक से 43 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। कुछ देर बाद 3882 रुपये कटने का दूसरा मैसेज आया। उन्होंने शातिर आरोपी के नंबर पर कॉल कर पैसे कटने के बारे में पूछा तो ठग ने कहा कि उसे नहीं पता। इसके बाद उन्होंने 1930 पर कॉल कर ठगी की जानकारी दी। वह मौलीजागरां थाना भी गया लेकिन बताया गया कि मामला साइबर थाने का है। पीड़ित ने पैसा कटने की बैंक में भी शिकायत दी है। पीड़ित के पास पहले से वीजा कार्ड था लेकिन उन्हें क्रेडिट कार्ड बनने का ऑफर बताकर 47 हजार 635 रुपये की ठगी की। चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ठग ने लिंक डाउनलोड करवाने के बाद मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। इस तरह के लिंक खोलने से लोगों को बचना चाहिए।