चंडीगढ़ में कोरोना : कैफे के 19 कर्मचारी मिले संक्रमित, निगम ने किया सील
- चंडीगढ़ के कैफे के 19 कर्मचारी मिले कोरोना संक्रमित
- निगम ने कैफे को 48 घंटे के लिए किया सील
- संक्रमित कर्मचारियों में से ज्यादातर पंजाब और हरियाणा के
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। सेक्टर-26 स्थित हार्ड रॉक कैफे के 19 कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम ने कैफे को तत्काल 48 घंटे के लिए सील कर दिया।
निगम के अधिकारियों का कहना है कि संक्रमित कर्मचारियों में से ज्यादातर पंजाब और हरियाणा के हैं। ऐसे में वहां के स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया गया है। निगम की टीम अब अपने जांच अभियान को भी तेज करेगी।
कोरोना के लिए बनाए गए नोडल ऑफिसर अनिल गर्ग ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम टीम का संदेश आया था कि सेक्टर 26 स्थित हार्ड रॉक कैफे के 19 कर्मचारी कोरोना संक्रमित हैं। निगम की क्वारंटीन टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान कैफे के प्रबंधक को मामले की जानकारी देकर वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। साथ ही शहर में रहने वाले संक्रमित कर्मचारियों के घरों पर जाकर उन्हें क्वारंटीन किया गया। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के रहने कर्मचारियों के बारे में वहां की स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है।
हुक्का परोसने के आरोप में 30 से ज्यादा क्लबों पर हो चुकी है कार्रवाई
कोरोना महामारी के कारण डीसी ने क्लबों में हुक्का परोसने पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद क्लब व पब संचालक नहीं मान रहे हैं। अलग-अलग थाना पुलिस ने अब तक 30 से भी ज्यादा क्लबों पर कार्रवाई की है। सेक्टर-26 के बुलेवार्ड क्लब, मॉब क्लब, बारगेन बूज क्लब, क्विजो क्लब, औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लेबॉय क्लब, तमजारा क्लब, सेक्टर-9 स्थित बूम बॉक्स, पाइप एंड बैरल, एसको बार, सेक्टर-7 स्थित टर्मिनल, रीफ क्लब समेत अन्य क्लबों के मालिक व प्रबंधक के अलावा कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है।
निगम ने क्वारंटीन टीमों की संख्या 3 से बढ़ाकर 9 की
नगर निगम को प्रशासन की ओर से संक्रमित लोगों को क्वारंटीन करने और बड़े संस्थानों को सील करने की जिम्मेदारी दी गई है। निगम ने संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए पांच माह पहले अपनी टीम की संख्या 3 कर दी थी लेकिन अब एक बार फिर शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में वीरवार को निगम ने क्वारंटीन टीमों की संख्या तीन से बढ़ाकर 9 कर दी।
112 नंबर डायल करने के साथ एसडीएम, डीसी व नोडल अफसर को दे सकते हैं सूचना
कोरोना महामारी को देखते हुए आपको कहीं भी नियमों का उल्लंघन दिखे तो 112 नंबर पर फोन कर इसकी जानकारी दे सकते हैं। वहीं अपने क्षेत्र के एसडीएम, नोडल अफसर और डीसी व निगम आयुक्त को भी इसकी सूचना दे सकते हैं ताकि संक्रमण की चेन को बढ़ने से रोका जा सके।
सहायता नंबर पर तेज हुई शिकायत
निगम की ओर से कोरोना महामारी के दौरान सहायता नंबर (हेल्पलाइन नंबर) जारी किया गया था। मरीजों की संख्या कम थी तो इस पर फोन व संदेश आने लगभग बंद हो गए थे लेकिन बुधवार व वीरवार को सहायता नंबर पर 50 से ज्यादा शिकायतें और लगभग 40 फोन कॉल आए। अब निगम की टीम फिर से अपने पुराने काम मे जुट गई है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 159 कोरोना संक्रमितों को क्वारंटीन करने का संदेश मिल चुका था।