Vande Bharat Parcel: वंदे भारत की तर्ज पर शुरू होगी पार्सल सेवा, जानें किस रूट पर रेलवे करेगा शुरुआत?
Vade Bharat Parcel: रेल मंत्रालय ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा है कि सुपर फास्ट पार्सल सेवाओं को वंदे-भारत प्लेटफॉर्म पर बने नए 'फ्रेट ईएमयू रोलिंग-स्टॉक' के माध्यम से संचालित करने की योजना है। इसके पहले रेक के बहुत जल्द सेवा में आने की संभावना है।
विस्तार
भारतीय रेलवे अतिरिक्त उच्च मूल्य और समय के प्रति संवेदनशील कार्गो सुनिश्चित करने के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सुपर-फास्ट पार्सल सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है। विशेष प्रकार के कार्गो वर्तमान में परिवहन के अन्य साधनों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं।
रेल मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा है कि इन सेवाओं को वंदे-भारत प्लेटफॉर्म पर बने नए 'फ्रेट ईएमयू रोलिंग-स्टॉक' के माध्यम से संचालित करने की योजना है। इसके पहले रेक के बहुत जल्द सेवा में आने की संभावना है।
कुछ संभावित ग्राहकों के साथ बातचीत के आधार पर इसकी पहली सेवा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र और मुंबई क्षेत्र के बीच शुरू की जाएगी। रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अगले तीन हफ्तों के भीतर पहचाने गए टर्मिनलों पर आवश्यक बुनियादी ढांचे और सुविधाएं समयबद्ध तरीके से बनाई जा सकती हैं।