30 फीसदी गिरा यस बैंक का शेयर, रुपया चढ़ा, सस्ता हुआ सोना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाजार में आज काफी उठापठक देखने को मिली। जहां एक तरफ यस बैंक का शेयर 30 फीसदी गिर गया, वहीं रुपये में तेजी देखने को मिली। इसके अलावा घरेलू मांग कमजोर होने के चलते सोने की कीमत सस्ती हो गई।
निजी क्षेत्र के यस बैंक के बढ़ते एनपीए के साथ 2018-19 की चौथी तिमाही में हुए घाटे को देखकर बैंक के निवेशकों ने उसके शेयरों की बिकवाली की है। इसके कारण मंगलवार को यस बैंक के शेयरों में 30 फीसदी की गिरावट रही है, जो पिछले सात महीनों की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट है।
बैंक ने 2018-19 की मार्च तिमाही में 1,506.64 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया है। बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,179.44 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। वहीं बैंक ने बीएसई को दी जानकारी में कहा कि उसकी कुल आय 2017-18 की मार्च तिमाही में रही 7,163.95 करोड़ रुपये से बढ़कर 2018-19 की समान अवधि में 8,388.38 करोड़ रुपये रही है।
वहीं, मार्च तक बैंक का कुल एनपीए दोगुना होकर उसकी कुल संपत्ति का 3.22 फीसदी हो गया, जो 2017-18 के अंत में 1.28 फीसदी था। कारोबार के दौरान, बीएसई में यस बैंक के शेयर 28.39 फीसदी गिरकर 170 रुपये और एनएसई में 29.76 फीसदी गिरकर 166.60 रुपये प्रति शेयर पर रहे।
कोटक महिंद्रा का मुनाफा 14 फीसदी बढ़ा
कोटक महिंद्रा बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2018-19 की चौथी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 14 फीसदी बढ़कर 2,038.27 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बैंक का शुद्ध लाभ 1,789.24 करोड़ रुपये था।
वहीं मार्च तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 13,823.33 करोड़ रुपये रही, जो 2017-18 की मार्च तिमाही में 10,874.12 करोड़ रुपये थी। वहीं वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान बैंक का समेकित शुद्ध लाभ 7,204 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पहले के वर्ष में 6,201 करोड़ रुपये था। साथ ही साल के दौरान बैंक की आय 38,723.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 45,903.36 करोड़ रुपये रही।
सस्ते तेल और डॉलर से 46 पैसे चढ़ा रुपया
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के साथ अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की कमजोर स्थिति के कारण मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 46 पैसे चढ़कर 69.56 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर रहा। इसके साथ ही रुपये में लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की गई है।
वहीं, मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा 69.83 रुपये के स्तर पर खुली और चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 69.52 पर पहुंची। इसके बाद कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद से 46 पैसे चढ़कर 69.56 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर रहा। इससे पहले शुक्रवार को रुपया 23 पैसे मजबूत होकर 70.02 के स्तर पर बंद हुआ था।
कमजोर मांग से सोना 55 रुपये सस्ता
आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग गिरने के कारण मंगलवार को सराफा बाजार में सोना 55 रुपये लुढ़ककर 32,945 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली घटने के कारण चांदी 200 रुपये टूटकर 38,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, मजबूत वैश्विक रुझान ने सोने में आई इस गिरावट को सीमित रखा है। न्यूयॉर्क में सोना 1,285.40 डॉलर प्रति औंस और चांदी 15.06 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 55 रुपये गिरकर क्रमश: 32,945 रुपये और 32,775 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रहा।