Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth

बिसलेरी विवाद: 14 महीने पुराने सैंपल पर अब हंगामा क्यों? जानें बोतलबंद पानी के बाजार में मची हलचल की कहानी

Tue, 24 Nov 2026 02:07 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: कुमार विवेक Updated Tue, 24 Nov 2026 02:07 PM IST
सार

  • क्या बिसलेरी का पानी पीना वाकई असुरक्षित है? ताजा विवाद में पर्दे के पीछे क्या?
  • एफएसएसएआई की कानूनी कार्रवाई, लैब रिपोर्टों के विरोधाभास, ब्रोमेट-पीएएच के वैज्ञानिक सच और रिलायंस-टाटा डील के पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए पढ़ें यह बिजनेस न्यूूज एक्सप्लेनर।

विज्ञापन
Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth
बिसलेरी विवाद - फोटो : amarujala.com

विस्तार

भारत में जब कोई आम उपभोक्ता किसी दुकान, ढाबे या रेलवे स्टेशन पर जाकर कहता है- एक बिसलेरी चाहिए, तो वह केवल पानी का एक बोतल नहीं मांगता, बल्कि वह साफ और सुरक्षित पानी की गारंटी मांग रहा होता है। पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के देशव्यापी बाजार में बिसलेरी महज एक ब्रांड नहीं, बल्कि पिछले पांच दशकों में शुद्धता का पर्यायवाची बन चुका है। लेकिन 22 नवंबर 2026 को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा सोशल मीडिया पर की गई एक घोषणा ने देश भर के उपभोक्ताओं, कॉरपोरेट जगत और नीति-निर्माताओं को सकते में डाल दिया।

विज्ञापन


खाद्य नियामक ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के बोतलबंद पानी के एक नमूने को असुरक्षित करार देते हुए खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 के तहत आपराधिक मुकदमा (अभियोजन) चलाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस घोषणा के बाद से ही आम जनता के मन में पानी की शुद्धता को लेकर चिंताएं हैं, तो वहीं कॉरपोरेट गलियारों में नियामक प्रक्रिया, बाजार हिस्सेदारी और प्रतिस्पर्धी प्राइस वॉर को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन


जिस देश में गली-गली में बोतलबंद पानी का एक नया ब्रांड बिकता दिख रहा हो वहां आखिर बिसलेरी की एक बोतल के भीतर ऐसा क्या मिला, जिससे बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। क्या यह पानी पीने से कोई तत्काल बीमारी हो सकती है? 14 महीने पुराने सैंपल पर आज कार्रवाई क्यों हुई? क्या इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कोई व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता है? आम उपभोक्ता के मन में उठ रहे ऐसे ही 12 बुनियादी सवालों के जरिए समझिए इस पूरे विवाद की परत-दर-परत इनसाइड स्टोरी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth
जांच के दायरे में बिसलेरी का बोतलबंद पानी। - फोटो : अमर उजाला

सवाल 1: बिसलेरी प्रकरण में नवंबर 2026 को अचानक क्या हुआ और विवाद कैसे शुरू हुआ?

जवाब: 22 नवंबर 2026 को रविवार के दिन केंद्रीय खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स (एक्स और इंस्टाग्राम) पर सार्वजनिक घोषणा की कि उसने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के उल्लंघन के लिए आपराधिक अभियोजन (मुकदमा चलाने) की मंजूरी दे दी है।

इस घोषणा की बुनियाद चौदह महीने पहले, यानी 30 सितंबर 2025 से जुड़ी है। उस दिन एफएसएसएआई के अफसरों ने गोवा में बिसलेरी की विनिर्माण इकाई से बोतलबंद पानी के छह नमूने एकत्र किए थे। इनमें से पांच नमूने सभी सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरे उतरे, लेकिन छठे नमूने की रिपोर्ट मानकों के उलट थे। इसके बाद अपील और जांचों का एक लंबा दौर चला और फिर अचानक 22 नवंबर को सीधे मुकदमे की मंजूरी की जानकारी सामने आई।

सवाल 2: गोवा प्लांट के उस छठे सैंपल में ऐसा क्या मिला था और लैब रिपोर्टों में क्या विरोधाभास है?

जवाब: इस मामले का सबसे तकनीकी और पेचीदा पहलू तीन अलग-अलग प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्टों में सामने आया खुला विरोधाभास है:

  • शुरुआती सरकारी लैब (सितंबर 2025): एफएसएसएआई की प्रारंभिक फूड एनालिस्ट लैब ने छठे नमूने में ब्रोमेट (Bromate) का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर (12 µg/L) पाया। नियामक द्वारा निर्धारित अधिकतम सीमा 10 µg/L है, यानी ब्रोमेट तय सीमा से 20% अधिक पाया गया। इस रिपोर्ट में पीएएच (PAHs) का कोई उल्लेख नहीं था।
  • रेफरल फूड लेबोरेटरी (नवंबर 2025): बिसलेरी की अपील पर जब इसी सैंपल को केंद्र सरकार की रेफरल लैब में भेजा गया, तो वहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित 10 µg/L की सुरक्षित सीमा के भीतर (पास) पाया गया। लेकिन इस लैब ने अलग से नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी दर्ज कर दी और पानी को "असुरक्षित" करार दे दिया।
  • स्वतंत्र एफएसएसएआई-मान्यता प्राप्त लैब (फरवरी 2026): दोनों सरकारी रिपोर्टों के अंतर को देखते हुए बिसलेरी ने उसी सैंपल की जांच एक स्वतंत्र एफएसएसएआई-मान्यता प्राप्त लैब से कराई। वहां भी ब्रोमेट सुरक्षित सीमा के भीतर पाया गया। कंपनी ने ये नतीजे 2 फरवरी 2026 को एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को लिखित में सौंप दिए थे।

इसका मतलब यह है कि जिस ब्रोमेट के आधार पर पहली लैब ने सैंपल को खारिज किया, वह दूसरी व तीसरी लैब में पास हो गया; और जिस पीएएच के आधार पर रेफरल लैब ने मुकदमा मंजूर कराया, उसका पहली लैब की जांच में कोई जिक्र ही नहीं था।

Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth
बिस्लेरी के पानी में क्या गड़बड़ी? - फोटो : amarujala.com

सवाल 3: कंपनी ने अपनी आधिकारिक सफाई में क्या कहा है और किस बात पर चुप्पी साधी है?

जवाब: 23 नवंबर 2026 को बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने आधिकारिक हैंडल @BisleriZone और प्रेस विज्ञप्ति के जरिए चार प्रमुख बातें सामने रखीं:

  • एकमात्र और पुराना मामला: विवाद देश भर के 143 प्लांटों में से सिर्फ एक (गोवा) प्लांट के 14 महीने पुराने एक अकेले बैच से संबंधित है।
  • विरोधाभासी रिपोर्ट: रेफरल लैब और स्वतंत्र लैब दोनों में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर पाया गया है।
  • प्रक्रियागत चूक का दावा: 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र रिपोर्ट जमा करने के बाद कंपनी को लगा कि मामला बंद हो गया है; कंपनी का दावा है कि उसे आज तक मुकदमे का कोई औपचारिक नोटिस ईमेल या हार्ड कॉपी में नहीं मिला है। वह स्तर पर नियामक के साथ सहयोग कर रहा है।
  • गुणवत्ता का दावा: बिसलेरी 10 स्तरों वाली प्रक्रिया में 90 से अधिक परीक्षण करती है और उसका पानी पीने के लिहाज से पूरी तरह सुरक्षित है।

कंपनी कहां चुप रह गई?:

उद्योग और ब्रांड विश्लेषकों के अनुसार बिसलेरी ने ब्रोमेट के पास होने का ब्योरा तो विस्तार से दिया, लेकिन उसने यह साफ नहीं किया कि उसकी स्वतंत्र लैब ने पीएएच (PAHs) की जांच की थी या नहीं, और यदि की थी तो उसका परिणाम क्या रहा? चूंकि रेफरल लैब ने पीएएच मिलने पर ही पानी को असुरक्षित घोषित किया था, इसलिए इस पर कंपनी का मौन सवाल खड़े करता है।

सवाल 4: एफएसएसएआई का कानूनी रुख क्या है और क्या बिसलेरी पर देशव्यापी बैन लगा है?

जवाब: नियामक अपने रुख पर पूरी तरह कायम है। एफएसएसएआई के अनुसार, खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 की धारा 3(1)(zz) के तहत यदि किसी खाद्य उत्पाद (पैकेज्ड पानी कानूनन खाद्य उत्पाद है) में तय सीमा से अधिक कैमिकल पाए जाएं, तो वह असुरक्षित पानी की सबसे गंभीर श्रेणी में आता है। इसी आधार पर धारा 42 के तहत अदालत में आपराधिक मुकदमा दायर करने की मंजूरी दी गई है।

  • महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति: एफएसएसएआई ने बिसलेरी के उत्पादन पर कोई देशव्यापी रोक नहीं लगाई है और न ही उसका लाइसेंस निलंबित किया है।
  • बाजार में वह बैच मौजूद नहीं: गोवा एफडीए और सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, सितंबर 2025 का वह विवादित बैच महीनों पहले ही बाजार से बिककर खत्म हो चुका है।
  • सजा के प्रावधान: धारा 59 के तहत यदि असुरक्षित खाद्य से किसी को नुकसान न पहुंचा हो, तो भी छह महीने तक की जेल और ₹1 लाख तक के जुर्माने का ही प्रावधान है।
  • मुकदमे की मंजूरी दोषसिद्धि नहीं है: यह केवल कोर्ट में केस दाखिल करने की इजाजत है; बिसलेरी को अदालत में दोनों सरकारी रिपोर्टों के विरोधाभास को चुनौती देने का पूरा अधिकार है।

गोवा के फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बिसलेरी के सैंपल को अनसेफ घोषित किए जाने पर हुए विवाद के बाद राज्य में बिकने वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड्स की निगरानी तेज कर दी है। एक सीनियर अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

FDA डायरेक्टर श्वेता एस देसाई ने कहा कि विवादित बिसलेरी बैच का टेस्ट अक्टूबर 2025 में किया गया था और अब यह मार्केट में उपलब्ध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) ने सैंपल के संबंध में कोर्ट में प्रॉसिक्यूशन केस फाइल किया है।

देसाई ने कहा, "यह खास बैच मार्केट में उपलब्ध नहीं है। हालांकि, मैंने अपने अधिकारियों को गोवा में बनने और बिकने वाले अलग-अलग पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (ब्रांड) के सर्विलांस सैंपल लेकर एनालिसिस करने का निर्देश दिया है।" उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल, 2025 से अब तक FDA ने अपनी क्वालिटी सर्विलांस एक्सरसाइज के तहत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के 80 से ज़्यादा सैंपल्स को एनालाइज़ किया है।

Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth
बिसलेरी का भारत में मार्केट शेयर। - फोटो : अमर उजाला

सवाल 5: सैंपल में मिले 'ब्रोमेट' और 'पीएएच' वास्तव में क्या हैं और ये सेहत के लिए कितने खतरनाक?

जवाब: आम उपभोक्ता के लिए यह समझना जरूरी है कि ये दोनों तत्व कोई जानबूझकर मिलाई गई मिलावट नहीं हैं:

ब्रोमेट कैसे बनता है? 

जब बॉटलिंग प्लांट में पानी को बैक्टीरिया-मुक्त करने के लिए ओजोन (O₃) गैस का उपयोग किया जाता है, तो जमीन के पानी में पहले से मौजूद प्राकृतिक ब्रोमाइड साल्ट ओजोन से प्रतिक्रिया करके ब्रोमेट में बदल जाते हैं। डब्ल्यूएचओ (WHO) और एफएसएसएआई ने इसकी सुरक्षित सीमा 10 µg/L (माइक्रोग्राम प्रति लीटर) तय की है।

स्वास्थ्य जोखिम: डब्ल्यूएचओ की कैंसर रिसर्च एजेंसी (IARC) ने ब्रोमेट को ग्रुप 2B (मनुष्यों के लिए संभावित कैंसरकारी) श्रेणी में रखा है। हालांकि, मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार 12 µg/L ब्रोमेट वाली एकाध बोतल पीने से कोई तात्कालिक बीमारी या लक्षण पैदा नहीं होते। वास्तविक चिंता तब होती है जब कोई व्यक्ति दशकों तक रोजाना अधिक ब्रोमेट वाला पानी पिए।

पीएएच (PAHs) क्या हैं? 

ये पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स हैं, जो कोयला, तेल, पेट्रोल, कचरे या प्लास्टिक के अधूरे तौर पर जलने से उत्पन्न होते हैं। ये प्रदूषित भूजल या घटिया भंडारण के जरिए पानी में पहुंच सकते हैं।

  • स्वास्थ्य जोखिम: भारतीय मानकों में पैकेज्ड पानी के लिए पीएएच की सीमा शून्य तय है। इस समूह के कुछ यौगिक (जैसे बेंजो-ए-पाइरीन) प्रमाणित कार्सिनोजेन (कैंसरकारी) हैं। हालांकि, एफएसएसएआई ने यह सार्वजनिक नहीं किया है कि सैंपल में कौन-सा पीएएच यौगिक कितनी मात्रा में मिला था।

सवाल 6: जब गड़बड़ी सितंबर 2025 में मिली, तो एफएसएसएआई ने कार्रवाई में 14 महीने क्यों लगाए?

जवाब: यह इस पूरे मामले की सबसे बड़ी विनियामक और प्रक्रियागत पहेली है। 30 सितंबर 2025 को सैंपल लेने से लेकर 2 फरवरी 2026 को बिसलेरी द्वारा स्वतंत्र रिपोर्ट सौंपे जाने तक के चार महीने तो कानूनी अपील प्रक्रिया के हिस्से थे। लेकिन 2 फरवरी 2026 से 22 नवंबर 2026 के बीच के साढ़े नौ महीने की लंबी प्रशासनिक खामोशी पर नियामक ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

  • कानूनी अड़चन (धारा 77): खाद्य सुरक्षा कानून की धारा 77 स्पष्ट करती है कि किसी भी कथित अपराध की तारीख से एक वर्ष की समय-सीमा बीत जाने के बाद अदालत मामले का संज्ञान नहीं ले सकती। हालांकि, फूड सेफ्टी कमिश्नर लिखित कारण दर्ज करके इस अवधि को तीन साल तक बढ़ा सकते हैं। चूंकि यह कार्रवाई घटना के 14 महीने बाद हुई है, इसलिए अदालत में मुकदमा टिकने के लिए नियामक को इस असामान्य देरी का ठोस लिखित औचित्य देना होगा, अन्यथा कानूनी विशेषज्ञ इसे प्रक्रियागत आधार पर हाईकोर्ट या निचली अदालत में लटकने वाला मामला मान रहे हैं।

Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth
बिसलेरी के बोतलबंद पानी पर विवाद। - फोटो : अमर उजाला

सवाल 7: इतनी लंबी देरी से आम उपभोक्ताओं को क्या नुकसान हुआ?

जवाब: इस 14 महीने की देरी ने भारत की खाद्य निगरानी प्रणाली की समयबद्धता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जब तक 22 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर मुकदमे की घोषणा की गई, तब तक गोवा प्लांट का वह संदिग्ध बैच बाजार में आम जनता द्वारा महीनों पहले पिया जा चुका था। यदि पानी में वास्तव में कोई जोखिम था, तो सवा साल बाद की गई इस कानूनी कार्रवाई से उन उपभोक्ताओं को कोई सुरक्षा नहीं मिली। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या नियामकीय प्रक्रिया में हुई यह देरी सही है?

  • विशेषज्ञों का नजरिया: आहार विशेषज्ञ कनिका मल्होत्रा के अनुसार, यह तात्कालिक मेडिकल इमरजेंसी नहीं बल्कि दीर्घकालिक निगरानी का मामला है; सुरक्षा सीमा का टूटना नियामकों की जांच का विषय है, इससे उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
  • उपभोक्ता अविश्वास: लोकलसर्किल्स (LocalCircles) के एक राष्ट्रीय सर्वे के अनुसार, देश के 98% शहरी परिवार पीने के पानी को घर पर फिल्टर करते हैं या बोतलबंद पानी पर निर्भर हैं, और 79% उपभोक्ताओं का राज्य/जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्यप्रणाली पर भरोसा बेहद कम या न के बराबर है।
  • सरकारी आंकड़े: सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2022-23 में जांचे गए 1,776 पैकेज्ड पानी के नमूनों में से 36.6% और 2023-24 में 1,300 में से 25.6% मानक कसौटी पर फेल पाए गए थे। खुद एफएसएसएआई के सीईओ राजित पुन्हानी ने स्वीकार किया है कि असली कमी नियमों के जमीनी प्रवर्तन में है।

सवाल 8: इटली के मलेरिया टॉनिक से भारत तक: बिसलेरी का ऐतिहासिक सफर कैसा?

जवाब: बिसलेरी की शुरुआत पानी से नहीं, बल्कि इटली में एक कड़वी दवा से हुई थी। 1881 में मिलान (इटली) में स्वतंत्रता सेनानी फेलिस बिसलेरी ने एक रासायनिक प्रयोगशाला शुरू की थी, जहां उन्होंने सिनकोना की छाल और जड़ी-बूटियों से 'फेरो-चाइना बिसलेरी' नामक औषधीय टॉनिक बनाया, जो मलेरिया और एनीमिया के इलाज में बिकता था।

  • भारत में एंट्री (1965): फेलिस बिसलेरी के निधन के बाद कंपनी की कमान उनके डॉक्टर चेजारे रॉसी ने संभाली। उन्होंने भारतीय उद्यमी खुशरू सुनटूक के साथ मिलकर 1965 में ठाणे (मुंबई के पास) में भारत का पहला बिसलेरी बॉटलिंग प्लांट लगाया। कांच की बोतलों में यह पानी सिर्फ पांच सितारा होटलों और विदेशी पर्यटकों के लिए था। जिस देश में पानी मुफ्त मिलता था, वहां पैसे देकर पानी खरीदने का विचार बुरी तरह फ्लॉप हो गया और इतालवी प्रमोटर कारोबार समेटने लगे।
  • 1969 का ऐतिहासिक मोड़: 28 वर्षीय युवा इंजीनियर रमेश चौहान और उनके पिता जयंतीलाल चौहान (पार्ले समूह) ने संघर्षरत बिसलेरी ब्रांड को महज ₹4 लाख (लगभग 50,000 डॉलर) में खरीद लिया। चौहान की शुरुआती योजना पानी नहीं बल्कि 'बिसलेरी सोडा' बेचने की थी।
  • 1993 में कोका-कोला डील: रमेश चौहान ने थम्स अप, लिम्का, माजा और गोल्ड स्पॉट जैसे दिग्गज ब्रांड खड़े किए, जिन्हें 1993 में कोका-कोला ने ₹400 करोड़ (लगभग 40-60 मिलियन डॉलर) में खरीद लिया और चौहान पर 15 साल तक सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में न उतरने की शर्त लग गई।
  • पानी पर पूरा फोकस: कोका-कोला ने बिसलेरी पानी को अनुपयोगी मानकर छोड़ दिया था। रमेश चौहान ने अपना पूरा ध्यान और पूंजी इसी पर झोंक दी। 1991 में 20-लीटर जार, 1995 में आक्रामक विस्तार और प्रतिष्ठित हरे लेबल के साथ बिसलेरी घर-घर पहुंच गया। आज मात्र ₹46.5 लाख की चुकता शेयर पूंजी पर खड़ा यह साम्राज्य पूरी तरह कर्ज-मुक्त (Zero Debt) है और FY25 में इसका राजस्व रिकॉर्ड ₹3,218 करोड़ दर्ज हुआ।

Explainer: Bisleri Under Regulatory Lens: FSSAI Controversy, Health Risks, ₹7,000-Crore Deal Truth
बिसलेरी के पानी में क्या गड़बड़ी? - फोटो : amarujala.com

सवाल 9: क्या 2022 में रिलायंस बिसलेरी को खरीदने वाली थी?

जवाब: सोशल मीडिया और बाजार की आम चर्चाओं में यह गलतफहमी है कि रिलायंस बिसलेरी को खरीदने के बेहद करीब पहुंच गई थी। लेकिन स्टॉक एक्सचेंज और आधिकारिक दस्तावेज बताते हैं कि बिसलेरी को लगभग ₹7,000 करोड़ में खरीदने की बातचीत रिलायंस के साथ नहीं, बल्कि टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (TCPL) के साथ चल रही थी।

टाटा के साथ बातचीत क्यों शुरू हुई?

नवंबर 2022 में 82 वर्षीय रमेश चौहान ने स्वास्थ्य कारणों और उत्तराधिकार योजना के तहत ब्रांड को टाटा जैसे प्रतिष्ठित समूह को सौंपने के लिए बातचीत शुरू की थी, क्योंकि उस समय उनकी बेटी जयंती चौहान कारोबार संभालने को इच्छुक नहीं दिख रही थीं।

डील क्यों टूटी?

लगभग दो साल चली बातचीत के बाद 17 मार्च 2023 को टाटा कंज्यूमर ने बीएसई (BSE) को आधिकारिक सूचना दी कि उसने बिसलेरी के साथ बातचीत बिना किसी समझौते के समाप्त कर दी है। बाजार सूत्रों के अनुसार, बातचीत मूल्यांकन से ज्यादा प्रमोटर स्तर पर स्वामित्व छोड़ने के अनिर्णय और भावनात्मक हिचकिचाहट के कारण टूटी। डील टूटने के तीन दिन बाद, 20 मार्च 2023 को रमेश चौहान ने ऐलान किया कि बिसलेरी अब बिकाऊ नहीं है और उनकी बेटी जयंती चौहान (वाइस चेयरपर्सन) पेशेवर सीईओ एंजेलो जॉर्ज के साथ कंपनी चलाएंगी।

सवाल 10:  रिलायंस ने बोतलबंद पानी बाजार में कौन सा दांव चला और क्या इससे प्राइस वॉर छिड़ा?

जवाब: एक तरफ बाजार में बिसलेरी के अधिग्रहण की खबरें चल रही थीं, उसी दौरान बोतलबंद पानी के बाजार में मुकेश अंबानी की रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (RCPL) ने खुद का दो-स्तरीय वाटर पोर्टफोलियो खड़ा किया। पहले उसने अपने ग्रॉसरी ब्रांड 'इंडिपेंडेंस' के तहत पैकेज्ड पानी उतारा। इसके बाद, 22 सितंबर 2025 को जब सरकार ने पैकेज्ड पानी पर जीएसटी 18% से घटाकर 5% किया, तो रिलायंस ने क्षेत्रीय बॉटलर्स के साथ मिलकर आक्रामक मास-मार्केट ब्रांड 'कैंपा श्योर' (Campa Sure) लॉन्च कर दिया।

  • भीषण प्राइस वॉर: रिलायंस ने स्थापित ब्रांडों के मुकाबले 20% से 30% कम दाम पर बोतलें उतारीं:
  • 250 मिली: ₹5
  • 500 मिली: ₹8
  • 1 लीटर बोतल: ₹15 (बिसलेरी, किनले और एक्वाफिना के ₹20 के मुकाबले)
  • 2 लीटर बोतल: ₹25 (अन्य ब्रांडों के ₹30-35 के मुकाबले)

रिलायंस के 19,300 से अधिक रिटेल स्टोर्स और जियोमार्ट नेटवर्क के जरिए इस आक्रामक मूल्य रणनीति ने पूरे पैकेज्ड वाटर उद्योग के मुनाफे और मार्जिन पर दबाव बढ़ा दिया है।

सवाल 11: क्या मौजूदा बिसलेरी विवाद के पीछे किसी कॉरपोरेट साजिश का अंदेशा है?

जवाब: सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की टाइमिंग को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं कि 22 सितंबर 2025 को जीएसटी घटा, उसी हफ्ते रिलायंस का कैंपा श्योर आया, 30 सितंबर 2025 को बिसलेरी का सैंपल उठा और 14 महीने बाद अचानक मुकदमा हो गया। लेकिन तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल में फिलहाल किसी भी कॉर्पोरेट साजिश का कोई प्रमाण नहीं मिलता। इसके पक्ष में पांच ठोस बिंदु हैं।

  • उसी दिन अन्य कंपनियों पर भी कार्रवाई: 22 नवंबर 2026 को एफएसएसएआई ने सिर्फ बिसलेरी ही नहीं, बल्कि वसंत मसाला, टिट-बिट फूड्स, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी जैसी कंपनियों पर भी मुकदमे, जब्ती और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की।
  • रिलायंस खुद भी एफएसएसएआई के निशाने पर: 2026 में एनर्जी ड्रिंक के सख्त नियमों को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट जाने वाली कंपनियों में पेप्सिको और रेड बुल के साथ खुद रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स भी शामिल रही है।
  • नियम पहले से कड़े थे: पैकेज्ड वाटर को 'हाई-रिस्क कैटेगरी' में नवंबर 2024 में ही डाल दिया गया था, यानी कैंपा श्योर के आने से एक साल पहले।
  • पूरे उद्योग की जांच: रॉयटर्स के अनुसार, सरकार अब केवल बिसलेरी नहीं, बल्कि देश भर के सभी प्रमुख पैकेज्ड वाटर ब्रांडों की जांच कर रही है।
  • कंपनी का रुख: खुद बिसलेरी ने अपने आधिकारिक बयान में किसी साजिश या प्रतिस्पर्धी का नाम नहीं लिया है; उसका विरोध केवल तकनीकी रिपोर्टों और नोटिस प्रक्रिया तक सीमित है।

सवाल 12: 32,040 करोड़ रुपये के बाजार में बिसलेरी का कितना रसूख?

जवाब: उद्योग अनुमानों (IBEF और पर्सिस्टेंस मार्केट रिसर्च) के अनुसार, भारत का पैकेज्ड वाटर बाजार 2025 में लगभग ₹32,040 करोड़ (3.6 अरब डॉलर) का था, जो 2032 तक बढ़कर ₹57,850 करोड़ होने का अनुमान है।

बाजार हिस्सेदारी का गणित:

सीमित राष्ट्रीय ब्रांडेड वर्ग में बिसलेरी की हिस्सेदारी 50% से 60% आंकी जाती है। पूरे संगठित पैकेज्ड वाटर बाजार में बिसलेरी लगभग 32% हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर है, इसके बाद कोका-कोला का किनले (~15%), पेप्सिको का एक्वाफिना (~12%) और पार्ले एग्रो का बेली (~7%) आता है।

  • बिसलेरी की संगठनात्मक कमजोरी: बिसलेरी का 143 प्लांटों का विशाल नेटवर्क एसेट-लाइट मॉडल पर आधारित है, जहां केवल लगभग 13 प्लांट कंपनी के अपने स्वामित्व में हैं और शेष करीब 130 प्लांट बाहरी को-पैकर्स व फ्रेंचाइजी बॉटलर्स चलाते हैं। ऐसे में हर प्लांट में एकसमान कड़ा गुणवत्ता नियंत्रण बनाए रखना कंपनी के लिए हमेशा एक संरचनात्मक चुनौती रहा है।

क्या नियामक सबके लिए सख्त है?

हां, 2026 के विनियामक रिकॉर्ड बताते हैं कि एफएसएसएआई ने इस साल 3,280 टन खाद्य सामग्री जब्त की, 1,133 लाइसेंस निलंबित किए और नेस्ले, डाबर, पेप्सिको, रेड बुल और ओल्ड मोंक (मोहन मीकिन) जैसी दिग्गज कंपनियों को भी कड़े नोटिस जारी किए हैं।

बिसलेरी प्रकरण में आगे की राह क्या?

बिसलेरी और एफएसएसएआई के बीच का मौजूदा मामला भारतीय पैकेज्ड वाटर इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा निर्णायक मोड़ है। भले ही बाद के परीक्षणों में बिसलेरी के पानी के नमूने मानकों पर खरे पाए गए हों और अदालत में यह तकनीकी मामला लंबा चले, लेकिन इसने दो संस्थागत सबक जरूर दिए हैं:

पहला, खाद्य नियामक एफएसएसएआई को अपनी संवाद और प्रवर्तन प्रणाली तेज व पारदर्शी बनानी होगी। 14 महीने बाद सोशल मीडिया के जरिए मुकदमों की घोषणा करने से आम उपभोक्ता में सुरक्षा के बजाय असमंजस पैदा होता है। दूसरा, बिसलेरी जैसे राष्ट्रीय ब्रांड को अपने बाहरी को-पैकर नेटवर्क की गुणवत्ता और उपभोक्ता संवाद में अधिक खुलापन दिखाना होगा।

एक ऐसे देश में जहां नल के पानी पर जनता का भरोसा मात्र 2% रह गया है और 98% शहरी आबादी पानी शुद्ध करके पीने के लिए खुद का जुगाड़ करने के लिए मजबूर है, वहां बोतलबंद पानी केवल एक कमर्शियल कमोडिटी नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की बुनियादी जीवनरेखा है। इस पूरे विवाद का सबसे सकारात्मक परिणाम तभी निकलेगा जब देशव्यापी जांच के जरिए नकली व सब-स्टैंडर्ड बॉटलर्स पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके और आम उपभोक्ता को हर बोतल में सुरक्षित पानी का पक्का भरोसा मिल सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed