{"_id":"60741c968ebc3ed38166d6c3","slug":"share-market-sensex-and-nifty-today-12-april-2021-closing-indian-benchmark-ended-lower","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाजार धराशायी: कोरोना के डर से 1707 अंक गिरा सेंसेक्स, निवेशकों को लगी करीब आठ लाख करोड़ की चपत","category":{"title":"Bazar","title_hn":"बाज़ार","slug":"bazaar"}}
बाजार धराशायी: कोरोना के डर से 1707 अंक गिरा सेंसेक्स, निवेशकों को लगी करीब आठ लाख करोड़ की चपत
Mon, 12 Apr 2021 03:40 PM IST
डिंपल अलावाधी
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: डिंपल अलावाधी
Updated Mon, 12 Apr 2021 03:40 PM IST
सार
आज बाजार में दिनभर बिकवाली रही और साल 2021 की सबसे बड़ी गिरावट आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1707.94 अंक यानी 3.44 फीसदी नीचे 47883.38 के स्तर पर बंद हुआ।
विज्ञापन
बाजार पर कोरोना का कहर
- फोटो : pixabay
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज बाजार में दिनभर बिकवाली रही और साल 2021 की सबसे बड़ी गिरावट आई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1707.94 अंक यानी 3.44 फीसदी नीचे 47883.38 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 524.05 अंक यानी 3.53 फीसदी की गिरावट के साथ 14310.80 के स्तर पर बंद हुआ। निवेशकों के आठ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा पैसे डूब गए हैं।
विज्ञापन
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 438.51 अंक या 0.87 फीसदी के नुकसान में रहा था। पिछले साल कोरोना की वजह से 23 मार्च को बाजार में भारी गिरावट दिखी थी। तब सेंसेक्स 25,800 के निचले स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में स्थिति में थोड़ा सुधार आने के बाद यह 52000 तक पहुंच गया। लेकिन अब देश में संक्रमितों के मामले फिर से बढ़ रहे हैं, जिसकी वजह से बाजार में बिकवाली जारी है।
विज्ञापन
24 घंटे में 1.70 लाख नए कोरोना के मामले
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अपना कहर बरपा रही है। सोमवार को देश में एक दिन में मिलने वाले कोरोना संक्रमण के मामलों के अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं। बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 1.70 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 900 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। देश में नए संक्रमितों के साथ मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में 904 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। यह पिछले छह महीने में एक दिन में जान गंवाने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले पिछले साल 17 अक्तूबर को सबसे ज्यादा 1,032 लोगों की मौत हुई थी।
विज्ञापन
रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीतिक प्रमुख विनोद मोदी ने कहा कि, 'सोमवार को बाजार में आई गिरावट ने घरेलू शेयर बाजारों में मार्च, 2020 में आई जबर्दस्त गिरावट की याद दिला दी। देश में कोविड के मामले बढ़ने से कई राज्यों में लॉकडाउन की संभावना पैदा हो गई है, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। अर्थव्यवस्था का पुनरुद्धार और कंपनियों की आमदनी प्रभावित होने की आशंका से निवेशक जोखिम उठाने से कतरा रहे हैं।'
वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव
शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में तेजी देखने को मिली थी। अमेरिका का डाउ जोंस 0.89 फीसदी की बढ़त के साथ 297.03 अंक ऊपर 33,800.60 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 0.51 फीसदी की बढ़त के साथ 70.88 अंक ऊपर 13,900.20 पर बंद हुआ था। इसी तरह फ्रांस और जर्मनी के बाजारों में भी बढ़त रही थी। लेकिन एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 373 अंक नीचे 28,305 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 24 अंक गिरकर 3,425 पर आ गया। कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में मामूली गिरावट रही। यह 3,130 पर बंद हुआ था। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स 37 अंकों की गिरावट के साथ 7,214 पर पहुंच गया। जापान का निक्केई इंडेक्स 172 अंक नीचे 29,596 पर बंद हुआ है।
इसके अतिरिक्त चौथी तिमाही के नतीजों से पहले निवेशक सतर्क हैं। लगातार दो तिमाहियों में अच्छे रिजल्ट के बाद चौथी तिमाही के दौरान कोरोना का असर देखने को मिल सकता है इसीलिए निवेशक निवेश से पहले सावधान हैं।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सिप्ला, डिविस लैब, डॉक्टर रेड्डी और ब्रिटानिया के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टाटा मोटर्स, अडाणी पोर्ट्स, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस और यूपीएल के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्ल लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मीडिया, आईटी, एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, फार्मा, मेटल, ऑटो, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, बैंक, फार्मा और फाइनेंस सर्विसेज शामिल हैं।
बीते सप्ताह शीर्ष 10 में से चार कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में उछाल
बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से चार कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में 1,14,744.44 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक फायदे में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस रहीं। इनके अतिरिक्त हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड और भारती एयरटेल के बाजार मूल्यांकन में भी बढ़ोतरी हुई। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और भारती एयरटेल का स्थान रहा।
813.07 अंकों की गिरावट के साथ खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 813.07 अंकों (1.64 फीसदी) की भारी गिरावट के साथ 48,778.25 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 245.90 अंक यानी 1.66 फीसदी की गिरावट के साथ 14,589 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 3.01 बजे सेंसेक्स में 1818.10 अंकों तक की गिरावट आई और 47773.10 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 558.25 अंक (3.76 फीसदी) नीचे 14276.60 के स्तर पर था।
शुक्रवार को लाल निशान पर बंद हुआ था शेयर बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 154.89 अंक यानी 0.31 फीसदी नीचे 49591.32 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 38.95 अंक यानी 0.26 फीसदी की गिरावट के साथ 14834.85 के स्तर पर बंद हुआ था।
यह भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: आज 13वें दिन भी नहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए कितनी हैं कीमतें
यह भी पढ़ें: Gold Silver Price: सोना-चांदी: वायदा कीमत में फिर आई गिरावट, उच्चतम स्तर से 10 हजार रुपये सस्ता है सोना