इंडसइंड बैंक के शेयर में भारी गिरावट, लाल निशान पर बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी
- दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ।
- सेंसेक्स 79.90 अंकों की गिरावट के बाद 41,872.73 के स्तर पर बंद हुआ।
- इस बीच इंडसइंड बैंक के शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 79.90 अंक यानी 0.19 फीसदी की गिरावट के बाद 41,872.73 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 19 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के बाद 12,343.30 के स्तर पर बंद हुआ। इस बीच चालू वित्त वर्ष की दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही में निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक के मुनाफे की घोषणा के बाद इसके शेयर में गिरावट देखने को मिली।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो बुधवार को यस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा मोटर्स, गेल, टाइटन, मारुति, एम एंड एम, जी लिमिटेड, एशियन पेंट्स और ग्रासिम के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं विप्रो, एसबीआई, इंफोसिस, बीपीसीएल, आईओसी, आईटीसी, टेक महिंद्रा और वेदांता लिमिटेड के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
इंडसइंड बैंक के शेयर में गिरावट
निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक के शेयर में गिरावट देखने को मिली। 82.65 अंक यानी 5.58 फीसदी की गिरावट के बाद यह 1,399 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि शुरुआती कारोबार में यह 1,463.40 के स्तर पर खुला था। पिछले कारोबारी दिन इंडसइंड बैंक का शेयर 1,481.65 के स्तर पर बंद हुआ था। चालू वित्त वर्ष की दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही में निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक ने 1,300.20 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 32 फीसदी ज्यादा है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के दौरान बैंक ने 985.03 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। इस दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 9,073.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 7,232.32 करोड़ रुपये रही थी। वहीं एनपीए बढ़कर 2.18 फीसदी पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के दौरान 1.13 फीसदी पर था। शुद्ध एनपीए बढ़कर 1.05 फीसदी पर पहुंच गया, जो एक साल पहले समान तिमाही में 0.59 फीसदी था।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज आईटी और प्राइवेट बैंक लाल निशान पर बंद हुए। वहीं पीएसयू बैंक, रियल्टी, फार्मा, मेटल, मीडिया, एफएमसीजी और ऑटो हरे निशान पर बंद हुए।
मामूली गिरावट पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार मामूली गिरावट पर खुला था। सेंसेक्स 22.85 अंक यानी 0.05 फीसदी की गिरावट के बाद 41,929.78 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 30.25 अंक यानी 0.24 फीसदी की गिरावट के बाद 12,332.05 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को 41,952.63 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
मंगलवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 92.94 अंक यानी 0.22 फीसदी की बढ़त के बाद 41,952.63 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 32.75 अंक यानी 0.27 फीसदी की बढ़त के बाद 12,362.30 के स्तर पर बंद हुआ था।