26 फीसदी टूटा वोडाफोन आईडिया का शेयर, सेंसेक्स 39,000 के पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिनभर के कारोबार के बाद गुरुवार को शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 38.44 अंक यानी 0.10 फीसदी की गिरावट के बाद 39,020.39 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 21.70 अंक यानी 0.19 फीसदी की गिरावट के बाद 11,582.40 के स्तर पर बंद हुआ। महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्तूबर को हुए चुनावों के नतीजे आज यानी गुरुवार को घोषित किए जाने हैं, जिसका असर बाजार में देखने को मिल रहा है। वोडाफोन आईडिया के शेयर में भी भारी गिरावट देखने को मिली।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो गुरुवार को भारती एयरटेल, रिलायंस, एचसीएल टेक, टाइटन, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं इंफ्राटेल, ग्रासिम, यस बैंक, एसबीआई, गेल, इंडसइंड बैंक, बीपीसीएल, इंफोसिस और आईओसी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
वोडाफोन आईडिया के शेयर में भारी गिरावट
इस दौरान वोडाफोन आईडिया के शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली। 5.60 के स्तर पर खुलने के बाद इसमें 1.50 अंक यानी 26.55 फीसदी की गिरावट आई, जिसके बाद यह 4.15 के स्तर पर बंद हुआ।
इसलिए टूटा शेयर
जस्टिस अरुण मिश्रा, जस्टिस एए नजीर और जस्टिस एमआर शाह की पीठ के आदेश देने के बाद वोडाफोन आइडिया के शेयर में गिरावट आई। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को वोडाफोन आइडिया, एयरटेल को बड़ा झटका देते हुए केंद्र सरकार को 92 हजार करोड़ रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है। इससे टेलीकॉम कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। कोर्ट ने कहा है कि इन कंपनियों को एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (एजीआर) का भुगतान करना होगा। इस मुद्दे को लेकर के दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम कंपनियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
एयरटेल के शेयर में बढ़त
वहीं एयरटेल के शेयर में बढ़त देखने को मिली। 353.95 के स्तर पर खुलने के बाद गुरुवार को इसमें 10.65 अंक यानी 2.96 फीसदी की बढ़त देखी गई, जिसके बाद यह 371 के स्तर पर बंद हुआ।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो बुधवार को रियल्टी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें ऑटो, मेटल, आईटी, मीडिया, एफएमसीजी और फार्मा शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 265.66 अंक यानी 0.68 फीसदी की बढ़त के बाद 39,324.49 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 63.15 अंक यानी 0.54 फीसदी की बढ़त के बाद 11,667.25 के स्तर पर खुला था।
पिछले कारोबारी दिन 39058.83 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
बुधवार को सेंसेक्स 39058.83 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 16 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 11604 के स्तर पर बंद हुआ था।