सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा चढ़ा, मांग कम होने से गिरे सोने-चांदी के दाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शेयर बाजार में मंगलवार को एक बार फिर से तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स जहां 400 अंकों से ज्यादा की बढ़ोतरी पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी में 125 अंकों से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। सराफा बाजार में सोना-चांदी खरीदना भी सस्ता हो गया है।
सेंसेक्स 424.5 अंक चढ़कर 38233.41 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 129.25 अंक के इजाफे के साथ 11483.25 पर बंद हुआ। आखिरी घंटे में बाजार ने जोरदार तेजी का रुख किया। खास तौर पर फोकस में बैंक निफ्टी रहा जो अपने उच्चतम स्तर पर बंद हुआ है।
निफ्टी आज 11 400 के ऊपर निकल गया। वहीं, निफ्टी बैंक 2 फीसदी से ज्यादा उछलकर 29500 के करीब बंद हुआ। रिलायंस और बैंकिंग शेयरों से बाजार को आज बड़ा सहारा मिला। फर्टिलाइजर में फैक्ट, जीएनएफसी, और आरसीएफ के शेयर 2 से 3 फीसदी तक भागे। बीएचईएल में 3 फीसदी, ओएनजीसी, बीईएमएल, गेल के शेयर भी 1 से 2 फीसदी तक भागे।
33 हजार के स्तर पर सोना
कमजोर वैश्विक रुझान के साथ घरेलू आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग घटने के कारण मंगलवार को सराफा बाजार में सोना 50 रुपये गिरकर क्रमश: 33,170 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली घटने के कारण चांदी 100 रुपये गिरकर 39,100 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, कमजोर वैश्विक रुझान सोने में गिरावट का मुख्य कारण रहा है। वैश्विक स्तर पर सोमवार को अपने एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद मंगलवार को सोना 0.24 फीसदी गिरकर 1,319.20 डॉलर प्रति औंस रहा। न्यूयॉर्क में चांदी 15.56 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही।