अमेरिका-चीन वार्ता से सेंसेक्स 178 अंक उछला, निफ्टी 68 अंक चढ़ा, 100 रुपये महंगा हुआ सोना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता को लेकर वैश्विक बाजार के आशावान रहने के साथ धातु, रियल्टी और आईटी शेयरों में तेजी से शुक्रवार को सेंसेक्स 178 अंक चढ़ा। वहीं सोने-चांदी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 177.51 अंक यानी 0.49 फीसदी चढ़कर 38,862.23 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 67.95 अंक यानी 0.59 फीसदी चढ़कर 11,665.95 पर बंद हुआ।
शुक्रवार के सत्र में टाटा स्टील के शेयरों में सर्वाधिक 3.36 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद वेदांता, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, ओएनजीसी, कोटक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, एमएंडएम और आईटीसी के शेयरों में भी तेजी रही।
वहीं, एसबीआई, पावरग्रिड, हीरो मोटोकॉर्प, एनटीपीसी, सन फार्मा, एचयूएल, एचसीएल टेक, यस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में 1.46 फीसदी की गिरावट रही। जिओजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता सकारात्मक रूप से आगे बढ़ने के साथ पिछले दो सत्रों से शेयरों में आ रही तेजी से भी बाजार सकारात्मक स्तर पर रहा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और चीन एक व्यापार समझौता करने के बहुत करीब है और आने वाले चार हफ्तों में किसी ऐतिहासिक कदम की घोषणा हो सकती है।
घरेलू मांग से सोना 100 रुपये महंगा
घरेलू आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग बढ़ने के कारण शुक्रवार को सराफा बाजार में सोना 100 रुपये चढ़कर 32,770 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली तेज होने से चांदी 200 रुपये चढ़कर 38,530 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
विशेषज्ञों के अनुसार, विदेश से कमजोर रुझान के कारण सोने में बढ़त सीमित रही। न्यूयॉर्क में सोना 1,287.98 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी 15.13 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 100 चढ़कर क्रमश: 32,770 रुपये और 32,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। पिछले दो सत्रों में सोना 180 रुपये गिरा था।