Sensex Nifty Today: बाजार में जोरदार गिरावट, 1300 से ज्यादा अंक लुढ़का सेंसेक्स, निफ्टी भी धड़ाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार में जोरदार गिरावट आई। दोपहर 3.06 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1315.42 अंक (2.80 फीसदी) की गिरावट के साथ 45646.27 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.90 फीसदी (399.45 अंक) नीचे 13361.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। बाजार की ऐतिहासिक तेजी में निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी है। वैश्विक स्तर पर कुछ देशों में लॉकडाउन और कोरोना के मामले बढ़ने से बाजार पर असर देखा जा रहा है। इसलिए बाजार में गिरावट आई।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 174.31 अंक (0.37 फीसदी) की गिरावट के साथ 46786.38 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 0.41 फीसदी (56.20 अंक) नीचे 13704.30 के स्तर पर हुई थी। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर चार फीसदी से ज्यादा टूटा। वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। हालांकि विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। पिछले सप्ताह बीएसई मानक सूचकांक 861.68 अंक यानी 1.86 प्रतिशत मजबूत हुआ था।
इस सप्ताह इन कारकों से प्रभावित होगा बाजार
घरेलू शेयर बाजार में किसी बड़ी गतिविधियों के अभाव में इस सप्ताह वैश्विक घटनाक्रम खासकर अमेरिका में वित्तीय प्रोत्साहन और कोविड-19 टीके से जुड़ी खबरों से बाजार को दिशा मिलेगी। विश्लेषकों के अनुसार अवकाश के कारण कम कारोबार दिवस वाले सप्ताह के दौरान घरेलू बाजार में मुनाफावसूली भी देखने को मिल सकती है। क्रिसमस के मौके पर शेयर बाजार और वित्तीय बाजार शुक्रवार को बंद रहेंगे। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के निवेश प्रतिरूप पर भी निवेशकों की नजर होगी। बाजार में तेजी का एक प्रमुख कारण एफपीआई का निवेश रहा है।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान एल एंड टी, रिलायंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और सन फार्मा के अतिरिक्त सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे थे। शीर्ष गिरावट वाले सेयरों में डॉक्टर रेड्डी, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले इंडिया, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक, टीसीएस, आदि शामिल हैं।
आठ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बढ़ा
बाजार में मजबूत रुख के बीच बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (बाजार हैसियत) में 1,25,229.25 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। पिछले सप्ताह एचडीएफसी, टीसीएस और बजाज फाइनेंस को सबसे अधिक लाभ हुआ। सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के बाजार पूंजीकरण में ही गिरावट आई। जबकि एचडीएफस बैंक, इंफोसिस समेत अन्य कंपनियों की बाजार हैसियत बढ़ी है। बाजार हैसियत के हिसाब से रिलांयस इंडस्ट्रीज शीर्ष स्थान पर बनी रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, इंफोसिस, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और भारतीय एयरटेल का स्थान रहा।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.01 बजे सेंसेक्स 46.57 अंक यानी 0.10 फीसदी की गिरावट के बाद 46,914.12 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 6.20 अंक यानी 0.05 फीसदी ऊपर 13,766.70 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 36.41 अंक (0.08 फीसदी) की बढ़त के साथ 46926.75 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की शुरुआत 0.09 फीसदी (12.30 अंक) ऊपर 13753 के स्तर पर हुई थी।
शुक्रवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार लगातार छठवें सत्र बढ़त पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 70.35 अंक ऊपर 46960.69 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.14 फीसदी (19.85 अंक) की तेजी के साथ 13760.55 के स्तर पर बंद हुआ था।