Sensex Today: वैक्सीन पर पॉजिटिव खबरों से शेयर बाजार ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 48000 के पार खुला सेंसेक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत में कोरोना वायरस की दो वैक्सीन को मिली मंजूरी की खबर से आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई। बीएसई सेंसेक्स ने पहली बार 48000 का आंकड़ा पार किया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 236.65 अंक (0.49 फीसदी) ऊपर 48,105.63 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.53 फीसदी (74.40 अंक) ऊपर 14,092.90 के स्तर पर खुला। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 895.44 अंक यानी 1.90 फीसदी मजबूत हुआ था। आज 1374 शेयरों में तेजी आई और 223 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 50 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
इसलिए आई तेजी
मालूम हो कि देश में कोरोना के दो वैक्सीन- भारत बायोटेक की स्वदेशी कोवैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट की कोवीशील्ड को आपात्कालीन इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिल गई है। साथ ही दिसंबर तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर होने का अनुमान है, जिससे बाजार में तेजी आई। विश्लेषकों के अनुसार आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 190 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
एशियाई बाजारों में भी खरीदारी
एशियाई बाजारों में भी आज तेजी का रुख अपनाया। हंगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 172 अंकों (0.63 फीसदी) की बढ़त के साथ 27,404 पर कारोबार कर रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 18 अंक ऊपर 3,491 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, जापान का निक्केई इंडेक्स 199 अंक (0.73 फीसदी) नीचे 27,444 पर कारोबार कर रहा है।
कब-कब तोड़ा बाजार ने रिकॉर्ड?
- मार्च में निचले स्तर पर पहुंचने के बाद आठ अक्तूबर को सेंसेक्स 40 हजार के पार 40182 पर पहुंच गया था।
- इसके बाद पांच नवंबर को सेंसेक्स 41,340 पर बंद हुआ।
- 10 नवंबर को इंट्राडे में इंडेक्स का स्तर 43,227 पर पहुंचा।
- 18 नवंबर को 44180 के स्तर पर पहुंचा।
- चार दिसंबर को इसने 45000 का आंकड़ा पार किया और 45079 पर बंद हुआ।
- 11 दिसंबर को सेंसेक्स 46 हजार के ऊपर 46099 के स्तर पर बंद हुआ और 14 दिसंबर को यह 46,253.46 अंक पर बंद हुआ था। इस दौरान निफ्टी 13558.15 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था।
- 28 दिसंबर को सेंसेक्स उछलकर 47353 पर बंद हुआ था।
- चार जनवरी यानी आज सेंसेक्स ने नया रिकॉर्ड बनाया है और यह पहली बार 48000 के ऊपर कारोबार कर रहा है।
शीर्ष 10 कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में उछाल
पिछले सप्ताह देश की 10 सर्वाधिक मूल्यवान कंपनियों से सात के बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर 75,845.46 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसमें सर्वाधिक लाभ एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक को हुआ। इनके साथ ही टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बाजाज फाइनेंस लाभ में रहीं। दूसरी तरफ रिलायंस इंडसट्रीज लिमिटेड (आरआईएल), हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड और भारतीय एयरटेल के बाजार पूंजीकरण (एमकैप) में गिरावट दर्ज की गई। मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज शीर्ष पर रही। इसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, इंफोसिस, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज, फाइनेंस और भारती एयरटेल का स्थान रहा।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान रिलायंस के अतिरिक्त सभी कंपनियों के शेयर हरे निशान पर खुले। इनमें मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एम एंड एम, बजाज ऑटो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, टीसीएस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, आदि शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, मेटल, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, पीएसयू बैंक, बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया और ऑटो शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.01 बजे सेंसेक्स 97.17 अंक यानी 0.20 फीसदी की तेजी के बाद 47966.15 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 73.30 अंक यानी 0.52 फीसदी ऊपर 14091.80 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त पर हुई थी। सेंसेक्स 120.70 अंक (0.25 फीसदी) ऊपर 47,872.03 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.25 फीसदी (35.30 अंक) ऊपर 14,017.10 के स्तर पर खुला था।
शुक्रवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.25 फीसदी की तेजी के साथ 117.65 अंक ऊपर 47868.98 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 36.75 अंक (0.26 फीसदी) की बढ़त के साथ 14018.50 के स्तर पर बंद हुआ था।