बारिश में लगा भयंकर जाम तो कार की छत पर बैठ गया शख्स, लैपटॉप खोलकर करने लगा ऑफिस का काम
Viral Video: बारिश और जलभराव के बीच गुड़गांव की सड़कों पर जाम का एक अलग ही नजारा देखने को मिला। वायरल वीडियो में एक शख्स अपनी कार की छत पर बैठकर लैपटॉप पर काम करता नजर आया। वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे लेकर मजेदार से लेकर गंभीर तक कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।
विस्तार
बारिश के मौसम में ऑफिस पहुंचना कई लोगों के लिए रोज की जद्दोजहद बन जाता है। सड़क पर पानी भर जाए और ट्रैफिक रेंगने लगे तो कुछ मिनट का सफर घंटों में बदल जाता है। लेकिन ऐसे हालात में भी काम का दबाव कम नहीं होता। गुड़गांव से सामने आए एक वायरल वीडियो में एक शख्स ने काम करने का ऐसा तरीका अपनाया कि देखने वाले भी हैरान रह गए। वीडियो में शख्स अपनी कार की छत पर बैठा दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में लैपटॉप है और वह बारिश के बीच वहीं बैठकर अपना काम करता नजर आता है। आसपास ट्रैफिक फंसा हुआ है, लेकिन शख्स अपने काम में इस कदर लगा है कि मानो उसके लिए सड़क पर लगा जाम कोई मायने ही नहीं रखता। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
लोगों ने बात की तो हाथ दिखाकर आगे भेजा
वायरल वीडियो में कुछ लोग इस शख्स से बात करने की कोशिश करते हैं। हालांकि, वह उनकी ओर हाथ दिखाकर आगे जाने का इशारा करता है और अपना काम जारी रखता है। वीडियो में उसकी कार भी सड़क पर खड़ी दिखाई देती है, जिसकी वजह से ट्रैफिक प्रभावित होता नजर आ रहा है। कैमरा जब नीचे की तरफ जाता है तो बारिश के बीच कुछ लोग अपनी बाइक खींचकर ले जाते हुए भी दिखाई देते हैं। यही नजारा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। किसी को इसमें काम के प्रति जुनून दिखाई दिया तो किसी ने इसे गलत उदाहरण बताया।
View this post on Instagram
किसी ने कहा ट्रेडर तो किसी ने बताया ‘वर्क फ्रॉम रूफटॉप’
वीडियो पर यूजर्स ने अपनी-अपनी कल्पना के मुताबिक कमेंट किए। एक यूजर ने अंदाजा लगाया कि शख्स पक्का ट्रेडर होगा। दूसरे ने इसे हाईटेक सिटी में काम करने वाले कर्मचारियों की जिंदगी से जोड़ दिया। एक यूजर ने लिखा कि परिवार चलाने के लिए आदमी क्या-क्या नहीं करता। वहीं किसी ने इसे मजाकिया अंदाज में ‘वर्क फ्रॉम रूफटॉप’ कह दिया। एक अन्य यूजर ने कहा कि इस तरह का व्यवहार गलत उदाहरण पेश करता है।
लोगों ने दिया ऐसा टैग
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए शख्स को बॉस का पसंदीदा और ‘एंप्लॉय ऑफ द ईयर’ बताया। उन्होंने लिखा कि बारिश भी उसकी परफॉर्मेंस को नहीं रोक सकी। गौरतलब है कि बारिश के मौसम में गुड़गांव में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या सामने आती रही है। इस बार भी कई इलाकों में पानी भरने से वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। यहां तक कि कुछ लोग ट्रैक्टर से मेट्रो स्टेशन तक पहुंचते नजर आए।