डिलीवरी बॉय को बांधी राखी, फिर उसने जेब से निकाले 50 रुपये, कहा- अब बहन बोला है ना
Viral Video: वडोदरा की आकांक्षा सिंह ने रक्षाबंधन पर घर सामान पहुंचाने आए एक डिलीवरी बॉय को राखी बांधी। इसके बाद डिलीवरी बॉय ने अपनी नई बहन को 50 रुपये का शगुन दिया और कहा, 'अब बहन बोला है ना।' दोनों की इस प्यारी मुलाकात का वीडियो 39 लाख से ज्यादा लोगों का दिल जीत चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षाबंधन का रिश्ता सिर्फ खून के रिश्तों तक सीमित नहीं होता। कई बार जिंदगी में कुछ लोग अचानक मिलते हैं और कुछ ही मिनटों में ऐसा अपनापन दे जाते हैं, जो लंबे समय तक याद रह जाता है। गुजरात के वडोदरा से सामने आया एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। वडोदरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह ने रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर सामान पहुंचाने आए एक डिलीवरी बॉय को राखी बांध दी। दोनों की यह मुलाकात भले ही कुछ मिनटों की थी, लेकिन इस दौरान जो भावनात्मक पल कैमरे में कैद हुआ, उसने लाखों लोगों को प्रभावित किया। वीडियो को अब तक 39 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में आकांक्षा घर का दरवाजा खोलती नजर आती हैं। इसके बाद वह मुस्कुराते हुए डिलीवरी बॉय का स्वागत करती हैं और उसकी कलाई पर राखी बांधती हैं। राखी बांधने के बाद आकांक्षा उसके पैर छूकर आशीर्वाद भी लेती हैं। अचानक मिले इस सम्मान और अपनापन ने डिलीवरी बॉय को भी भावुक कर दिया। उसके चेहरे पर दिख रही खुशी और मुस्कान ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया।
विज्ञापन विज्ञापन
'अब बहन बोला है ना'
वीडियो का सबसे खास पल राखी बांधने के बाद देखने को मिलता है। डिलीवरी बॉय अपनी जेब से 50 रुपये का नोट निकालता है और शगुन के तौर पर आकांक्षा को देने लगता है। आकांक्षा पहले इसे लेने से मना करती हैं और कहती हैं कि रहने दीजिए। लेकिन डिलीवरी बॉय मुस्कुराते हुए जोर देता है और कहता है, 'अब बहन बोला है ना।' यहीं नहीं, जाते-जाते वह आकांक्षा से कहता है कि अगर कभी किसी चीज की जरूरत हो तो उसे याद करना, क्योंकि अब वह उनका भाई है। महज कुछ मिनटों में बना यह रिश्ता वीडियो देखने वालों को भावुक कर रहा है।
आकांक्षा ने बताया 50 रुपये क्यों हैं खास
आकांक्षा ने वीडियो के साथ अपने अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि कुछ तोहफे अपनी कीमत से नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपी भावनाओं से अनमोल बन जाते हैं। उन्होंने बताया कि वे 50 रुपये लेने में संकोच कर रही थीं, लेकिन डिलीवरी बॉय ने भाई होने के नाते प्यार से शगुन देने की बात कही। आकांक्षा के मुताबिक ये 50 रुपये उनके लिए सिर्फ एक नोट नहीं हैं, बल्कि एक याद, आशीर्वाद और कुछ मिनटों के लिए बने उस खूबसूरत रिश्ते की निशानी हैं। उन्होंने कहा कि वह इसे हमेशा संभालकर रखेंगी। यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि रिश्तों की खूबसूरती सिर्फ खून के संबंधों में नहीं, बल्कि सम्मान, अपनापन और प्यार में भी होती है।