निर्वस्त्र कर पीटी गई महिला अस्पताल से गायब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के जहानाबाद में निजामदीपुर गांव में निर्वस्त्र कर पिटाई किए जाने के बाद पीएमसीएच में भर्ती कराई गई संगीता देवी उर्फ ‘धोबी वाली’ सोमवार की सुबह अस्पताल से गायब हो गई।
अस्पताल में संगीता की देखभाल कर रही उसकी बेटी भी लापता है। पुलिस का कहना है कि दोनों सिपाहियों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गईं हैं।
संगीता को 16 जुलाई की देर रात निर्वस्त्र कर पुलिस के सामने ही पीटा गया था। उसके ऊपर चुन्नू शर्मा (अलीपुर) और राकेश कुमार (दरियापुर) की हत्या कर लाश गायब करने का आरोप है।
दोनों युवकों की लाश पटना के सिगोड़ी थाना क्षेत्र से बरामद की गई थी। पुलिस का कहना है कि लाशों को ठिकाने लगाने में लाल रंग की दो बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था।
इनमें से एक गाड़ी मुन्ना सिंह के भाई की थी। दूसरी गाड़ी भाड़े पर मंगाई गई थी। पुलिस ने तीन दिन पूर्व मुन्ना के ड्राइवर बड़े लुहार को उसके पैतृक गांव अमैन से गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरी गाड़ी के ड्राइवर रूपेश पंडित को उसके गांव बभना से गिरफ्तार किया गया है।
पटना में ही छिपी हो सकती है संगीता
मामले की परतें खुलते देख संगीता को लगने लगा था कि अब वह बच नहीं सकती। इसी वजह वह सोमवार को पीएमसीएच से फरार हो गई।
संगीता के फरार होने के बाद हरकत में आए पुलिस के आलाधिकारियों ने पटना और उसके आसपास के सभी जिलों में वाहनों की चेकिंग का निर्देश जारी कर दिया है।
संगीता के पटना में ही छिपे होने की आशंका है, क्योंकि सोमवार दोपहर बारह बजे तक उसके मोबाइल की लोकेशन पटना में थी।
उधर, सवाल उठ रहा है कि आखिर संगीता पुलिस अभिरक्षा से इस अवस्था में कैसे फरार हो सकती है। पूरे मामले को नया रंग देने के लिए कहीं दोनों मां-बेटी को गायब तो नहीं कर दिया गया है। वैसे पुलिस इन आरोपों का खंडन कर रही है।