Bihar Crime: बेखौफ अपराधियों ने कातिब को मारी गोली, 24 घंटे में तीसरी वारदात; घायल ने लगाए गंभीर आरोप
Siwan Crime: पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद का लग रहा है। उन्होंने कहा कि घायल के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।
विस्तार
सीवान में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर गोलीबारी की यह तीसरी घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा मामला नौतन थाना क्षेत्र का है, जहां सीवान रजिस्ट्री कचहरी में कार्यरत कातिब नागेंद्र कुमार श्रीवास्तव पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:युवक की बेरहमी से हत्या कर खेत में फेंका शव, प्राइवेट पार्ट पर गहरे जख्म, जांच में जुटी पुलिस
घात लगाकर बैठे अपराधियों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, नौतन थाना क्षेत्र के रहने वाले नागेंद्र कुमार श्रीवास्तव रोज की तरह सीवान रजिस्ट्री कचहरी आ रहे थे। जब वह पचलखि गांव के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए सात-आठ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में गोली लगने से वह घायल हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल नागेंद्र श्रीवास्तव को सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
जमीन विवाद के कारण रची गई साजिश
घायल नागेंद्र श्रीवास्तव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन पर हमला जमीन विवाद के कारण कराया गया है। उन्होंने कहा कि गोली चलाने वालों को मैं नहीं पहचानता। लेकिन जिसने हमला करवाया है, उससे मेरा पुराना जमीन विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान करीब सात-आठ अपराधी मौजूद थे, जिसमें कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ रखा था, जबकि कुछ फायरिंग कर रहे थे।
नागेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि मैं लंबा था, इसलिए खुद को छुड़ाकर भागने में सफल रहा, जिससे मेरी जान बच पाई। हालांकि गोली लगने के कारण मैं गंभीर रूप से घायल हो गया हूं। उन्होंने इस हमले के लिए मोहन चौधरी नामक युवक को जिम्मेदार ठहराया है और पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
यह भी पढ़ें- Bihar:विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर अवैध संबंध का आरोप; मायके वालों ने कहा- बेटी को प्रताड़ित करता था दामाद
इस गोलीबारी की घटना को लेकर नौतन थाना प्रभारी उमेश कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद का लग रहा है। उन्होंने कहा कि घायल के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।
अपराधियों के बढ़ते हौसले से दहशत में लोग
सीवान में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने आम जनता को डरा दिया है। 24 घंटे के भीतर तीसरी घटना होने से यह साफ हो गया है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लोग पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि अपराध पर लगाम लगाई जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.