बिहार: तीन दिन से लापता किशोरी का सड़क किनारे गड्ढे में मिला शव, परिवार की उम्मीदें मातम में बदलीं
सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में शव मिलने के बाद परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटी की तीन दिनों से सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए परिवार उसकी तलाश कर रहा था, उसका शव मिलने की खबर ने सभी को झकझोर दिया है।
विस्तार
सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव मंगलवार की सुबह सड़क किनारे एक गड्ढे में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के चकाजी गांव निवासी नन्हक साह की 15 वर्षीय पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मधु कुमारी तीन अक्टूबर को अचानक घर से लापता हो गई थी। उसके घर नहीं लौटने पर परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। रिश्तेदारों के घरों के अलावा आसपास के संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पढ़ें: 24 घंटे में पलटा सियासी खेल! जनसुराज से जुड़े राजकिशोर सिंह फिर भाजपा के साथ, जानें संदेश में क्या कहा?
मंगलवार की सुबह मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर हलखोरी साह उच्च विद्यालय के समीप सड़क किनारे गड्ढे में किशोरी का शव पड़े होने की जानकारी लोगों को मिली। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद इसकी जानकारी मृतका के परिजनों को भी मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मधु कुमारी के रूप में की।
घटना की सूचना मिलने पर मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
किशोरी किन परिस्थितियों में घर से निकली और उसका शव सड़क किनारे गड्ढे तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है। मधु पांच बहनों और एक भाई में एक थी। तीन दिनों से बेटी के सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को शव मिलने की खबर ने झकझोर दिया। किशोरी की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।