Bihar: रंगदारी की रकम लेने पहुंचे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; कई सामान भी बरामद
Bihar: बताया जा रहा है कि जैसे ही प्रवीण वहां पहुंचा, पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पीयूष कुमार के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।
विस्तार
गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सवरेजी गांव में सोमवार देर शाम रंगदारी की रकम लेने पहुंचे बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश को पुलिस की गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान सवरेजी गांव निवासी राजू वर्मा के पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अन्य बदमाश रोहित कुमार (पुत्र- विनोद वर्मा, सवरेजी गांव) को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा बदमाश भागने में सफल रहा।
पुलिस ने बदमाशों के पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक चाकू, तीन मोबाइल, एक फाइटर और एक लोहे का दाब बरामद किया है। मामले को लेकर मीरगंज थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मीरगंज शहर के सोनार टोली निवासी प्रवीण सोनी से अज्ञात बदमाशों ने 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
पढ़ें: मालगाड़ी की चपेट में आकर दंपती की दर्दनाक मौत, इलाके में पसरा मातम; पटरी पार करने के दौरान हुआ हादसा
सोमवार शाम बदमाशों ने एक बार फिर प्रवीण सोनी को फोन कर रुपये की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया और प्रवीण को एक लाख रुपये लेकर सवरेजी गांव भेजा। नरइनिया मंदिर के पास बदमाशों ने उसे फोन कर सवरेजी कब्रिस्तान के पास बुलाया और पैसे वहीं छोड़ने को कहा।
जैसे ही प्रवीण वहां पहुंचा, पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पीयूष कुमार के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि भाग रहे रोहित कुमार को भी दबोच लिया गया।
दोनों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। फरार बदमाश की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में मीरगंज इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, थानाध्यक्ष अनिल कुमार, एसआई विनीत विनायक, दीपिका रंजन, प्रवीण कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
