Bihar News: आरा में खड़े गैस टैंकर से टकराई यात्रियों से भरी लोडिंग गाड़ी; बुजुर्ग महिला की मौत, 15 घायल
Arrah News: सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रिशी सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में करीब 15 मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। उनमें से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायल लोगों का इलाज चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आरा में मुंडन संस्कार के लिए जा रही सवारियों से भरी लोडिंग गाड़ी और गैस टैंकर के बीच सोमवार दोपहर बाद भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस दौरान करीब 15 लोग बुरी तरह से घायल हो गए है, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही गांव के पास की है।
जानकारी के अनुसार, बिमवां गांव निवासी लालजी के दो वर्षीय बेटे राज बाबू के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी लोग लोडिंग गाड़ी पर सवार होकर बक्सर जिले के ब्रह्मपुर शिव मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही मोड़ के पास लोडिंग वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर से टकरा गया। इस दुर्घटना में लोडिंग वाहन में सवार 15 से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज कराने के लिए शाहपुर पीएचसी ले जाया गया। उसके बाद करीब 13 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए वहां तैनात चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव निवासी द्वारिका यादव की 55 वर्षीय पत्नी धनराजों देवी की मौत हो गई। जबकि घायल अन्य 12 लोगों का इलाज फिलहाल चिकित्सक की देखरेख में चल रहा है।
सड़क दुघर्टना में घायल महिला विक्की देवी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों के साथ भतीजे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोडिंग गाड़ी पर सवार होकर ब्रह्मपुर शिव मंदिर जा रहे थे। तभी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर में टकरा गई, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गई। जबकि उसके साथ अन्य कई लोग भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज आरा के सदर अस्पताल में चल रहा है।
वहीं, इस दुर्घटना में घायलों का इलाज कर रहे सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रिशी सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में करीब 15 मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। उनमें से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायल लोगों का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी लोग खतरे से बाहर हैं।