{"_id":"66a9e88026134a989b00b1ef","slug":"tanishq-loot-liner-identified-raids-at-ljp-leader-murder-case-culprit-house-in-purnea-araria-2-detained-2024-07-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Tanishq Robbery: पटना की जेल में बना पूर्णिया तनिष्क शोरूम लूट का प्लान; बंगाल तक खोज के बाद खुला यह राज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Tanishq Robbery: पटना की जेल में बना पूर्णिया तनिष्क शोरूम लूट का प्लान; बंगाल तक खोज के बाद खुला यह राज
Wed, 31 Jul 2024 01:02 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पूर्णिया
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Wed, 31 Jul 2024 01:02 PM IST
सार
Tanishq Robbery Case: तनिष्क शोरूम लूटकांड की साजिश पटना की बेउर जेल में की गई थी। बिहार और बंगाल के कई इलाकों में पुलिस और एसटीएफ टीमों की छापामारी में यह जानकारी सामने आई है। कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
तनिष्क लूटकांड मामले की जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्णिया के डाक बंगला स्थित तनिष्क शोरूम में 26 जुलाई को हुए लूट कांड को लेकर सहायक खजांची थाना ने कांड संख्या-146/24 धारा-310(2) बीएनएस- 2023 और 25 (1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। कांड के खुलासे के लिए तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आगे के कार्य के लिए जिला पुलिस और पुलिस मुख्यालय के स्तर से एसटीएफ की 10 अलग-अलग संयुक्त टीम बनाकर बिहार के कई जिलों में और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में छापामारी की गई। इस पूरी घटना को बेउर जेल में बंद शातिर अपराधी सुबोध सिंह द्वारा अपने अन्य सहयोगियों और स्थानीय स्तर पर कुख्यात अपराधी बिट्टू सिंह, जो बेउर जेल में कुछ समय पूर्व सुबोध सिंह और अन्य के साथ था, के द्वारा अंजाम दिया गया।
विज्ञापन
इस घटना का खुलासा करते हुए छापामारी के दौरान राहुल कुमार पुत्र भोला प्रसाद श्रीवास्तव को पुलिस निगरानी में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस पूछताछ में राहुल कुमार ने बताया कि उसका बेगूसराय के मनसुरत्तक थानाक्षेत्र के आदापुर में स्थायी पता है। वर्तमान में वह लाइन बाजार पूर्णिया में क्लिनिक चलाता है। राहुल कुमार ने बताया कि प्रभात कॉलोनी एवं हाउसिंग बोर्ड स्थित बिट्टू सिंह, अभिमन्यु सिंह और चुनमुन झा के विभिन्न विकानी में स्थानीय और बाहरी अपराधियों के साथ आभूषण के दुकान में लूट करने की स्थानीय स्तर पर साजिश रची गई। इसका निर्देशन बेउर जेल में बंद अपराधी सुबोध सिंह ने अपने अन्य सहयोगियों द्वारा किया। इस घटना को अंजाम देने के लिए बाहर से आए अपराधियों को अररिया के शिवपुरी स्थित लॉज में रखा गया। फिर अररिया में ही स्थानीय और बाहरी अपराधियों की मीटिंग हुई। इसके बाद लूट को अंजाम देने के लिए अररिया और पूर्णिया के विभिन्न दुकानों, मैक्स शापिंग मॉल, पॉलिटेक्निक चौराहा पूर्णिया, रिलायंस ट्रेंड्स अररिया से घटना के समय पहनने वाले कपड़े और अन्य सामान खरीदा गया।
विज्ञापन
राहुल ने बताया कि घटना से एक सप्ताह पूर्व पुनः तनिष्क शोरूम का रेकी की गई थी। घटनास्थल पर स्थानीय अपराधी अररिया के पलासी थानाक्षेत्र के मजलिसपुर निवासी विनोद झा का बेटा चुनमुन झा मौजूद था। वह स्थानीय होने के कारण मास्क लगाए हुए था। इसके साथ ही अन्य की पहचान कर ली गई है। घटनाक्रम में कई टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भागने का रूट पता किया गया और मालदा पुलिस के सहयोग से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
विज्ञापन
घटनास्थल में शामिल अपराधियों का संपर्क बेउर जेल के अपराधियों के साथ था। उन्हीं के निर्देश पर ही अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था। चुनमुन झा के भाई आनंद झा द्वारा लूटकांड में सहयोग के अलावा चुनमुन झा के मोबाइल को भी घटना के बाद जलाया गया है, जिसके अवशेष भी बरामद कर लिए गए हैं। इस लूटकांड को अंजाम देने और साजिश रचने में सहयोगी पूर्णिया के मधुबनी की जयप्रकाश कॉलोनी निवासी अभिमन्यु सिंह और बमबम यादव तथा अन्य की पहचान की गई है। उपरोक्त गिरफ्तार अपराधियों की स्वीकारोक्ति बयान और जांच में अब तक आए सबूतों के आधार पर वर्तमान में भी जिला पुलिस और एसटीएफ टीम की कई संयुक्त टीमों द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बरामदगी के लिए छापामारी जारी है।
वहीं, पूर्णिया शहर के डाक बंगला चौक स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हुए 3.70 करोड़ के लूटकांड में पूर्णिया पुलिस और एसटीएफ टीम को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लूटकांड में शामिल लाइनर की पहचान हो चुकी है। इसे लेकर जांच में जुटी पुलिस और एसटीएफ टीम ने मंगलवार को आधी रात करीब 2.30 बजे पूर्णिया और अररिया की कई जगहों पर एक साथ छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही दो बाइक सहित कई मोबाइल को भी जांच के लिए जब्त किया गया है।
पुलिस और एसटीएफ टीम ने लोजपा नेता अनिल उरांव हत्याकांड में शामिल चुनमुन झा की तलाश में उनके दादा के घर पूर्णिया शहर के हाउसिंग कॉलोनी में छापेमारी की है। हालांकि पुलिस को चुनमुन झा हाथ तो नहीं लगा है, लेकिन चुनमुन झा के दादा के मोबइल को जब्त कर लिया है। वहीं, पुलिस टीम ने पहचान के लिए चुनमुन झा के दादा को लूटकांड के दौरान तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई एक तस्वीर भी दिखाई है। लेकिन दादा और दादी ने सीसीटीवी फुटेज में मास्क पहने युवक को पहचाने से इनकार कर दिया। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में मास्क पहने जिस युवक की तस्वीर सामने आई है, वह चुनमुन झा के चेहरे से मिलती-जुलती है।
पुलिस हिरासत में चुनमुन झा का छोटा भाई
चुनमुन झा के दादा ने बताया कि वह पंचमुखी मंदिर के पुजारी हैं। जबकि चुनमुन झा का पैतृक घर अररिया जिले के पलासी में है। चुनमुन वहीं अपने पिता विनोद झा के साथ रहता है। उन्होंने कहा कि हम सब सपरिवार सोए थे। मंगलवार को आधी रात करीब 2.30 बजे अचानक पुलिस पहुंच गई और चुनमुन के बारे में पूछने लगी। इस दौरान पुलिस टीम ने घर की तलाशी भी ली है। पंद्रह मिनट की छापामारी के बाद पुलिस टीम ने रामबाग स्थित एक लॉज में भी छापामारी की है। उसके बाद चुनमुन झा के पैतृक घर पर भी पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने चुनमुन झा के छोटे भाई को हिरासत में ले लिया। उन्होंने पुलिस के समक्ष बताया कि चुनमुन झा उसका पोता है, जो 15-20 दिन पूर्व अनिल उरांव हत्याकांड के केस की तारीख में पूर्णिया आया था। दादा ने बताया कि पुलिस ने जो मास्क का फोटो दिखाया है, वह मेरा पोता चुनमुन झा नहीं है।
दो अपराधियों की हुई पहचान
एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि तनिष्क लूटकांड के लाइनर की पहचान हो चुकी है। अपराधियों के भागने के दौरान लाइनर भी साथ हो गया था। उसे अपराधियों के साथ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में देखा गया है। तकनीकी अनुसंधान में भी लाइनर घटनास्थल के पास ही रेकी कर रहा था। उन्होंने बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने वालों में दो अपराधियों की पहचान हो चुकी है। संभावना है कि दो दिन के अंदर पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी।
मास्क लगाए दो अपराधियों को पुलिस मान रही स्थानीय
26 जुलाई को हुई तनिष्क शोरूम में लूटकांड के दौरान मास्क लगाए दो अपराधियों को पुलिस स्थानीय मान रही है। पुलिस का मानना है कि ये दो अपराधी लाइनर की भूमिका में हैं। पुलिस दोनों लाइनर की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापामारी कर रही है।
तनिष्क शोरूम के स्टाफ से गहन पूछताछ
लूटकांड के बाद पुलिस ने तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में काम करने वाले सभी स्टाफ के मोबाइल नंबर और घर का पता लिया है। इस सिलसिले में पिछले तीन दिनों से एसटीएफ टीम शोरूम के स्टाफ से बारी-बारी से पूछताछ कर रही है। शोरूम में काम करने वाले पूर्व के स्टाफ का भी मोबाइल नंबर और पता पुलिस खंगाल रही है। शोरूम के संचालक ने सभी स्टाफ का आधार और पैनकार्ड भी पुलिस को उपलब्ध करा दिया है।