Bihar News: सिविल कोर्ट बना रणभूमि! पत्नी ने पति को घसीटा और हाथ पर काटा, परिसर में मचा हड़कंप
पूर्णिया सिविल कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने अपने पति पर सरेआम हमला कर दिया। महिला ने पति का कॉलर पकड़कर उसे घसीटा, जमीन पर पटकने की कोशिश की और उसके हाथ पर काट लिया।
विस्तार
पूर्णिया सिविल कोर्ट परिसर बुधवार को उस वक्त अचानक अखाड़े में तब्दील हो गया, जब एक महिला ने अपने ही पति पर सरेआम हमला कर दिया। देखते ही देखते कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। महिला ने अपने पति का कॉलर पकड़कर उसे घसीटा, जमीन पर पटकने की कोशिश की और गुस्से में आकर उसके हाथ पर दांत से काट लिया। इस दौरान कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी महिला को शांत कराने और दोनों को अलग करने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला का गुस्सा शांत नहीं हो रहा था।
कोर्ट परिसर में जुटी भारी भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामला जब ज्यादा बढ़ गया तो वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को अतिरिक्त महिला और पुरुष पुलिस बल बुलाना पड़ा। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोर्ट परिसर से बाहर सड़क की ओर लेकर गई, लेकिन वहां भी महिला का हंगामा जारी रहा। घटना के दौरान कोर्ट आए मुवक्किलों, वकीलों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे और कोर्ट परिसर काफी देर तक चर्चा का केंद्र बना रहा।
महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
हंगामा कर रही महिला की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो कोसकापुर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। महिला ने अपने पति मरगूब आलम, निवासी बेसरा विशनपुर, पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सोनी कुमारी का कहना है कि निकाह के बाद से ही उसे ससुराल नहीं ले जाया गया। उसने आरोप लगाया कि उसका पति उसे बेंगलुरु के एक रेड लाइट एरिया में बेचकर दूसरी शादी कर चुका है। महिला ने रोते हुए बताया कि दोनों के बीच भरण-पोषण और प्रताड़ना का मामला कोर्ट में चल रहा है और वह उसी मामले की तारीख पर कोर्ट पहुंची थी।
जमीन बिकवाकर पैसे हड़पने का भी आरोप
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले पति ने उसे साथ रखने का झांसा दिया और उसकी जमीन बिकवाकर करीब दो लाख रुपये हड़प लिए। महिला के आरोपों के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद लोग भी हैरान रह गए और काफी देर तक इस मामले को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
पति ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं दूसरी ओर, फटे कपड़ों और घायल हालत में खड़े मरगूब आलम ने पत्नी के सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया। उसने पुलिस और वहां मौजूद लोगों के सामने कहा कि उसकी पत्नी उस पर अत्याचार करती है। मरगूब ने कहा कि जो महिला अदालत परिसर में सैकड़ों लोगों और पुलिस के सामने इस तरह हिंसक व्यवहार कर सकती है, वह बंद कमरे में उसके साथ कैसा व्यवहार करती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: प्रेमी के परिवार ने शादी से किया इनकार, गुस्से और जिद में टावर पर चढ़ी युवती, किया हाई वोल्टेज ड्रामा
कोर्ट परिसर से सड़क तक होती रही चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सिविल कोर्ट परिसर से लेकर कचहरी रोड तक लोगों के बीच इस हाईवोल्टेज ड्रामे की चर्चा होती रही। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप को लेकर वकीलों, मुवक्किलों और आम लोगों के बीच तरह-तरह की बातें होती रहीं।