{"_id":"683c1ab3b7d6369a0b0715c7","slug":"katihar-thieves-steal-cash-and-jewellery-worth-rs-12-5-lakh-from-4-houses-in-single-night-villagers-in-panic-2025-06-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime: एक ही रात में चोरों ने चार घरों से 12.5 लाख की नकदी-जेवरात उड़ाए; दहशत में ग्रामीण और पुलिस खाली हाथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime: एक ही रात में चोरों ने चार घरों से 12.5 लाख की नकदी-जेवरात उड़ाए; दहशत में ग्रामीण और पुलिस खाली हाथ
Sun, 01 Jun 2025 02:47 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कटिहार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कटिहार
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 01 Jun 2025 02:47 PM IST
सार
Katihar News: कटिहार के एक गांव में एक ही रात में चोरों ने चार घरों से 12.5 लाख की नकदी-जेवरात की चोरी कर ली। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस को कुछ पता नहीं चल पाया है।
विज्ञापन
चोरी के बाद के दृश्य
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कटिहार जिले में अपराधियों ने बीती रात पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए चार घरों में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने इन घरों से करीब 12 लाख 50 हजार रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उदामा रेखा गांव की है, जहां वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग सदमे में हैं।
विज्ञापन
सबसे बड़ा निशाना बना खाद व्यवसायी का घर
इस संगठित चोरी की सबसे बड़ी वारदात गांव के खाद व्यवसायी मदन सिंह के घर पर हुई। चोरों ने यहां से बड़ी मात्रा में नकद राशि और कीमती जेवर चुरा लिए। इसके अलावा गांव के श्रवण सिंह, विश्वनाथ सिंह और जीतन पासवान के घरों में भी चोरों ने धावा बोलते हुए सामान समेट लिया। चारों घरों में चोरी की यह घटना एक ही रात में हुई, जिसने न सिर्फ पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी गहरा दी है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar: 'जयचंद हर जगह, अंदर भी और बाहर भी', तेज प्रताप ने तेजस्वी को किया आगाह; बोले- साजिश जल्द बेनकाब करूंगा
विज्ञापन
पुलिस को मौके से मिले कुछ सुराग, पर गिरफ्तारी नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। खेतों और सड़क किनारे से कुछ संदिग्ध कपड़े बरामद किए गए हैं, जिन्हें सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। हालांकि चोरी की इतनी बड़ी वारदात के बाद भी पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन गांव में अविश्वास और आक्रोश का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिसका फायदा उठाकर चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। एक ही रात में चार घरों में चोरी ने प्रशासन की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और चोरों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, तब तक चैन की नींद मुमकिन नहीं है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: मुजफ्फरपुर की मासूम बच्ची की मौत के बाद उबाल, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज