बिहार में आईबी की कार्रवाई: संदिग्ध कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े युवक को दबोचा; एनआईए व एसटीएफ भी जांच में जुटीं
पूर्णिया में आईबी ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर 23 वर्षीय शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मोबाइल और लैपटॉप बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी एक संदिग्ध कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़ा था और व्हाट्सएप के जरिए संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था।
विस्तार
पूर्णिया जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक संवेदनशील मामले में बड़ी कार्रवाई की है। आईबी की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला स्थित एक संदिग्ध युवक के घर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद किए गए हैं।
इस्लामिक कट्टरपंथी समूह से जुड़ा हुआ था शाहिद
गिरफ्तार युवक की पहचान मधुबनी के काली प्रसाद यादव टोला निवासी शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर (23) के रूप में हुई है। केंद्रीय जांच एजेंसियों की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शाहिद अख्तर वर्ष 2025 से ही एक इस्लामिक कट्टरपंथी समूह से जुड़ा हुआ था। जांच में यह बात सामने आई है कि इस नेटवर्क में पाकिस्तान के अलावा हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों के संदिग्ध लोग भी जुड़े हुए थे।
बताया जा रहा है कि यह समूह देशविरोधी और संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय था। आरोप है कि शाहिद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां देश-विदेश के अन्य संदिग्ध हैंडलर्स के साथ साझा कर रहा था। खुफिया इनपुट और डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद वह आईबी के रडार पर आ गया था। इसके बाद आईबी की टीम ने मधुबनी थाना पुलिस के सहयोग से उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से लंबी पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली
युवक की गिरफ्तारी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बिहार एसटीएफ की टीमें भी पूर्णिया पहुंचीं और संयुक्त रूप से पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी। केंद्रीय एजेंसियों और एसटीएफ की गहन पूछताछ के बाद पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपी से लंबी पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें-बिहार में भीषण सड़क हादसा: छठ मनाने घर लौट रही युवती और ऑटो चालक की मौत, तीन घायल
पिछले 24 घंटे से अधिक समय तक आरोपी को एक गुप्त स्थान पर रखकर उससे गहन पूछताछ की गई है। उसके पास से बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच के जरिए देशविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों और स्लीपर सेल के अन्य संपर्कों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, पुलिस और जांच एजेंसियां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में जुटी हैं।
