Bihar: जहरीले सांप के डसने से नानी-नतिनी की मौत, झाड़फूंक में बीते पांच घंटे; अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान
Bihar: घटना की सूचना मिलने पर के. नगर थानाध्यक्ष नवदीप गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि सांप के काटने से महिला और बच्ची की मौत हुई है। फिलहाल परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्णिया जिले में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जहरीले सांप के काटने से एक महिला और उसकी नातिन की मौत हो गई। घटना के. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर पंचायत के जमाय टोला गांव की है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पूनम मुर्मू और 12 वर्षीय आरोही किस्कू के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में नानी-नतिनी थीं।
घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पूनम मुर्मू और आरोही किस्कू घर में चटाई पर सोई हुई थीं, तभी एक विषैला सांप घर में घुस आया और दोनों को डस लिया। सर्पदंश के बाद चीख-पुकार सुनकर घर के लोग जागे और घबराहट में दोनों को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक कराने लगे।
परिजनों ने दोनों को पास के ओझा के पास ले जाकर करीब पांच घंटे तक झाड़फूंक कराई। जब हालत बिगड़ने लगी तो ओझा ने अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को पूर्णिया जीएमसीएच (GMCH) लाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव के मुखिया अंजनी कुमार पासवान ने बताया कि मृतक बच्ची आरोही किस्कू मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी, लेकिन वह बचपन से ही अपनी नानी के साथ पूर्णिया में रह रही थी और यहीं पली-बढ़ी थी।
पढ़ें: मां काली की निर्माणाधीन मूर्ति के साथ छेड़छाड़, असामाजिक तत्वों पर आरोप; पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर के. नगर थानाध्यक्ष नवदीप गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि सांप के काटने से महिला और बच्ची की मौत हुई है। फिलहाल परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
गांव में इस हृदयविदारक घटना को लेकर मातम पसरा है और लोग झाड़फूंक में की गई देरी को लेकर चर्चा कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।