Bihar News: अंधेरे में हुई NEET की परीक्षा, बिजली गुल होने पर नहीं दिखी वैकल्पिक व्यवस्था; नाराजगी
Bihar: एसपी जैन कॉलेज में परीक्षा दे रही रांची की परीक्षार्थी संस्कृति वशिष्ठ ने बताया कि बिजली जाने के बाद छात्रों को एक खिड़की से दूसरी खिड़की पर शिफ्ट किया गया ताकि रोशनी मिल सके। इस प्रक्रिया में करीब 20 से 25 मिनट का समय बर्बाद हो गया, जिससे प्रश्न पत्र हल करने के लिए छात्रों को कम समय मिला।
विस्तार
बिहार की चरमराई शिक्षा व्यवस्था का एक और उदाहरण रविवार को सासाराम में देखने को मिला, जब रोहतास जिले के कई परीक्षा केंद्रों पर नीट (NEET) की परीक्षा के दौरान बिजली गुल हो गई और वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव में परीक्षार्थियों को अंधेरे में परीक्षा देनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नीट परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान करीब 3:30 बजे तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई केंद्रों पर न तो जनरेटर की व्यवस्था थी और न ही किसी अन्य वैकल्पिक प्रकाश का इंतजाम किया गया। परिणामस्वरूप परीक्षार्थियों को अंधेरे में परीक्षा देने को मजबूर होना पड़ा।
खिड़की बदलते रहे, समय गंवाते रहे छात्र
एसपी जैन कॉलेज में परीक्षा दे रही रांची की परीक्षार्थी संस्कृति वशिष्ठ ने बताया कि बिजली जाने के बाद छात्रों को एक खिड़की से दूसरी खिड़की पर शिफ्ट किया गया ताकि रोशनी मिल सके। इस प्रक्रिया में करीब 20 से 25 मिनट का समय बर्बाद हो गया, जिससे प्रश्न पत्र हल करने के लिए छात्रों को कम समय मिला।
पढ़ें: घर से डेढ़ KM दूर दो फीट गहरे गड्ढे से बोरी में बंद मिला विवाहिता का शव, ससुरालियों पर ऐसा आरोप
जन सुराज ने उठाए सवाल
जन सुराज पार्टी के रोहतास जिला प्रवक्ता विनोद तिवारी ने इस अव्यवस्था पर कड़ा सवाल उठाया है। प्रेस बयान जारी कर उन्होंने कहा कि यह परीक्षा देने वाले लाखों बच्चों के भविष्य के साथ एक गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो जन सुराज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि नीट जैसी अहम परीक्षा में इतनी बड़ी चूक बिहार की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। जन सुराज पार्टी बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है और इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।