Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   Policyholders Can Resolve Insurance Disputes for Free Through Patna Ombudsman Office

बीमा ओम्बड्समैन दिवस: पटना में 90 दिनों के भीतर निपटाईं गईं सभी शिकायतें, एक साल में कितने मामले बढ़े?

Wed, 11 Nov 2026 08:56 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आदित्य आनंद Updated Wed, 11 Nov 2026 08:56 PM IST
सार

बीमा पॉलिसी खरीदते समय लोग अक्सर कई बातों का ध्यान रखते हैं, लेकिन परेशानी आने पर शिकायत कहां और कैसे करें, इसकी जानकारी कम ही लोगों को होती है। बिहार-झारखंड के पॉलिसीधारकों के लिए एक ऐसी व्यवस्था है, जहां बिना वकील और बिना फीस के अपनी बात रखी जा सकती है। इसके कामकाज से जुड़े आंकड़े भी सामने आए हैं।

विज्ञापन
Policyholders Can Resolve Insurance Disputes for Free Through Patna Ombudsman Office
बीमा ओम्बड्समैन दिवस - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पटना में बुधवार को बीमा ओम्बड्समैन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बिहार और झारखंड के बीमा ओम्बड्समैन इंदरजीत सिंह ने बताया कि पटना स्थित बीमा ओम्बड्समैन कार्यालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का 90 दिनों के भीतर निपटारा किया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय बीमा पॉलिसीधारकों को बीमा कंपनियों के खिलाफ शिकायतों के समाधान के लिए मुफ्त, निष्पक्ष और सरल मंच उपलब्ध कराता है। यहां अधिकतम 50 लाख रुपये तक के दावों से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जा सकता है।

विज्ञापन


इंदरजीत सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पटना कार्यालय में कुल 1,767 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 31 मार्च 2026 तक 1,636 शिकायतों का निपटारा किया गया। इस दौरान 100 प्रतिशत शिकायतों का समाधान 90 दिनों के भीतर हुआ। कुल मामलों में 51 प्रतिशत फैसले शिकायतकर्ताओं के पक्ष में दिए गए, जबकि 29 प्रतिशत शिकायतों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति से किया गया। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 अक्टूबर 2026 तक कुल 1,392 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 1,135 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि 257 मामले अभी प्रक्रियाधीन हैं। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 1,036 शिकायतें प्राप्त हुई थीं और 940 का निपटारा किया गया था। इस तरह शिकायतों की प्राप्ति में 34 प्रतिशत और निपटारे में 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
विज्ञापन


शिकायत दर्ज कराने के लिए कोई शुल्क नहीं
बीमा ओम्बड्समैन ने बताया कि कार्यालय भारत सरकार के बीमा ओम्बड्समैन नियम, 2017 के तहत काम करता है। पॉलिसीधारकों को शिकायत दर्ज कराने से पहले संबंधित बीमा कंपनी के पास अपनी शिकायत भेजनी होती है। वहां से समाधान नहीं मिलने पर वे बीमा ओम्बड्समैन के पास शिकायत कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है। साथ ही, शिकायतकर्ता को वकील या किसी तीसरे पक्ष की सेवा लेने की भी जरूरत नहीं होती है। शिकायतें ऑनलाइन वेबसाइट ऑफलाइन, पंजीकृत डाक के माध्यम से या सीधे ओम्बड्समैन कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती हैं। इस मंच पर व्यक्तिगत बीमा पॉलिसी, समूह बीमा पॉलिसी, एकल स्वामित्व वाली फर्मों और सूक्ष्म उद्यमों की बीमा पॉलिसियों से संबंधित शिकायतों का निपटारा किया जाता है। सभी सार्वजनिक और निजी बीमा कंपनियां, उनके एजेंट और मध्यस्थ भी इसके दायरे में आते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

बिहार: सीएम सम्राट ने चित्रगुप्त पूजा पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, राज्य के विकास और खुशहाली की कामना की


देश में बीमा ओम्बड्समैन के 18 कार्यालय
बीमा ओम्बड्समैन ने बताया कि बीमा ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 1998 में सार्वजनिक शिकायत निवारण नियम बनाए थे। आम लोगों से प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के बाद इन नियमों में संशोधन कर वर्ष 2017 में नए बीमा ओम्बड्समैन नियम लागू किए गए। बैंकिंग क्षेत्र में बैंकिंग ओम्बड्समैन की तर्ज पर बीमा पॉलिसीधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए यह व्यवस्था शुरू की गई थी। वर्तमान में देशभर में बीमा ओम्बड्समैन के 18 कार्यालय कार्यरत हैं। बिहार और झारखंड के पॉलिसीधारकों की शिकायतों के निपटारे के लिए पटना के ललित भवन, बेली रोड में कार्यालय स्थित है। ओम्बड्समैन के पद पर बीमा क्षेत्र, सिविल सेवा, प्रशासनिक सेवा या न्यायिक सेवा का अनुभव रखने वाले व्यक्तियों का चयन किया जाता है।

बीमा कंपनियों से शिकायत तंत्र मजबूत करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान इंदरजीत सिंह ने बीमा कंपनियों से अपनी आंतरिक शिकायत निवारण व्यवस्था मजबूत करने और इसके लिए समर्पित नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने का आग्रह किया। उन्होंने मध्यस्थता को बढ़ावा देने, पॉलिसीधारकों को समय पर और पारदर्शी जवाब देने तथा बीमा ओम्बड्समैन के फैसलों को तत्काल लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीमा ओम्बड्समैन कार्यालय एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मंच है। यहां पॉलिसीधारक अपनी सरल भाषा में व्यक्तिगत रूप से अपनी शिकायतें रख सकते हैं। कार्यालय उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनता है। इसी वजह से यह मंच बीमा पॉलिसीधारकों के बीच लोकप्रिय हुआ है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed