Bihar: PM मोदी ने किया बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ, 105 करोड़ रुपये की राशि भेजी
Bihar: इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि इससे स्वयं सहायता समूह (SHG) की जीविका दीदियों को लोन लेने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से अब तक 11 लाख स्वयं सहायता समूह गठित हो चुके हैं जिनसे 1 करोड़ 40 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 105 करोड़ रुपये की राशि जीविका निधि में ट्रांसफर की। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य सरकार के महिला सशक्तीकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के समग्र विकास के लिए लगातार सहयोग कर रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से कार्यक्रम में जुड़े। उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का क्षण है। राज्य सरकार ने इस काम के लिए 1000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें से 105 करोड़ रुपये आज जीविका निधि के खाते में भेजे गए हैं। आगे केंद्र सरकार भी 110 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे स्वयं सहायता समूह (SHG) की जीविका दीदियों को लोन लेने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से अब तक 11 लाख स्वयं सहायता समूह गठित हो चुके हैं जिनसे 1 करोड़ 40 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। 2024 से शहरी क्षेत्रों में भी 37 हजार समूह बनाए गए हैं जिनमें 3 लाख 85 हजार जीविका दीदियां जुड़ी हैं।
पढ़ें: बच्ची से दुष्कर्म व हत्या के बाद पुलिस का एक्शन, स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार; जानें
विधवा महिलाओं की पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये करना
उन्होंने कहा कि हाल ही में महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई है, जिसके तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे और सफल होने पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा लिए गए अन्य फैसलों का भी उल्लेख किया। इनमें वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं की पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये करना, सभी घरों में मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना, युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना तथा नए उद्योगों को विशेष सहायता देना शामिल है।
उन्होंने कहा कि अगले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी/रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने भी हाल के बजटों में बिहार के लिए सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण, मखाना बोर्ड, हवाई अड्डा और पश्चिमी कोसी नहर परियोजना जैसी योजनाओं के लिए वित्तीय सहयोग दिया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ-साथ बिहार राज्य जीविका निधि पर एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।