Bihar News: इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान दो छात्राएं बेहोश, मॉडल अस्पताल में इलाज जारी
नालंदा जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा के पांचवें दिन शनिवार को दो छात्राएं परीक्षा के दौरान अचानक बेहोश हो गईं। घटना सोहसराय थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर सुबह लगभग 10 बजे हुई।
विस्तार
इंटरमीडिएट परीक्षा के पांचवें दिन शनिवार की सुबह नालंदा जिले में दो छात्राओं के अचानक बेहोश होने की घटना सामने आई। दोनों को तत्काल उपचार के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। सुबह करीब 10 बजे सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर यह घटना घटी। पहली छात्रा राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में परीक्षा दे रही थी, जबकि दूसरी छात्रा रोस्ट इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र में उपस्थित थी। परीक्षा के दौरान अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ने से परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बेहोश छात्राओं की पहचान
छात्राओं की पहचान इस प्रकार हुई:
- दीपनगर थाना क्षेत्र के डुमरावां गांव निवासी शैलेंद्र कुमार शर्मा की पुत्री ज्योति कुमारी
- रहुई थाना क्षेत्र के देकपुरा गांव निवासी संजय प्रसाद की पुत्री रश्मि कुमारी
तत्काल चिकित्सा सुविधा
घटना की जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए दोनों छात्राओं को मॉडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों छात्राएं घर से बिना कुछ खाए परीक्षा देने आई थीं। कमजोरी और खाली पेट होने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गई।
जिले में परीक्षा का सामान्य स्थिति
नालंदा में इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बिहार शरीफ में 31, हिलसा में पांच और राजगीर में चार परीक्षा केंद्र स्थापित हैं। पहले दिन को छोड़ दिया जाए तो जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है।