Bihar: पुलिस गाड़ी की टक्कर से महिला समेत 3 घायल, शराब के नशे में होने का आरोप; वीडियो बनाने पर युवक से मारपीट
Bihar: आरोप है कि जब उन्होंने हादसे का वीडियो बनाना चाहा, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और थप्पड़ जड़ दिए। उन्होंने दावा किया कि ड्राइवर के मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी और वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी भी नशे में दिख रहे थे।
विस्तार
नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत निजाय गांव के समीप एक पुलिस वाहन की बाइक से हुई टक्कर में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस वाहन में सवार कर्मी शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे। वहीं पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। घटना शनिवार की दोपहर की बताई जा रही है। घायलों की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के मैतरा गांव निवासी अरविंद पांडे की पत्नी सरिता देवी, पुत्री लूसी कुमारी और पुत्र सन्नी पांडे के रूप में हुई है।
डेंटल कॉलेज से लौटते वक्त हुआ हादसा
लूसी कुमारी ने बताया कि वह भागन बीघा स्थित डेंटल कॉलेज से दांत का इलाज करवा कर मां और भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी तेज गति से आ रही गोकुलपुर थाना की एक पुलिस गाड़ी ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। घटना में तीनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद पुलिस वाहन सवार कर्मियों ने घायलों को कुछ दूर तक गाड़ी से ले जाकर बीच रास्ते में छोड़ दिया और यह कहकर वहां से निकल गए कि गाड़ी गर्म हो गई है। बाद में रहुई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया। सरिता देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पढ़ें: सेवानिवृत्त फौजी के 35 वर्षीय पुत्र ने फंदे से लटक कर की आत्महत्या, मानसिक तनाव की आशंका; परिजन बेसुध
शराब के नशे में थे पुलिसकर्मी
घटना को लेकर सन्नी पांडे ने बताया कि पुलिस की गाड़ी काफी तेज रफ्तार करीब 70 से 80 किमी/घंटा से आ रही थी। उन्होंने बाइक को साइड में कर दिया था, लेकिन फिर भी पुलिस वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। सन्नी का आरोप है कि जब उन्होंने हादसे का वीडियो बनाना चाहा, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और थप्पड़ जड़ दिए। उन्होंने दावा किया कि ड्राइवर के मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी और वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी भी नशे में दिख रहे थे।
पुलिस ने किया आरोपों से इनकार
इस मामले में रहुई थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि गोकुलपुर थाना की पुलिस कोर्ट जा रही थी, उसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक बाइक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। बाइक पर तीन लोग सवार थे, जो ट्रिपल लोडिंग कर रहे थे। इसी वजह से हादसा हुआ। थानाध्यक्ष ने कहा कि दुर्घटना में घायल महिला को प्राथमिक इलाज के बाद निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। पुलिस पीड़ितों के बयान लेने की प्रक्रिया में जुटी है। बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।