Crime: EMI भरने के लिए दोस्त की हत्या, चचेरे भाई समेत दो गिरफ्तार; सोने का लॉकेट बना हत्या की वजह
Nalanda News: नालंदा में ईएमआई भरने के लिए चचेरे भाई समेत दो लोगों ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया आरोपियों ने पहले युवक का गला दबाया और फिर पेन से गोदकर उसकी हत्या कर दी। जानें पूरा मामला...।
विस्तार
नालंदा जिले के बिंद थानाक्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज चार दिनों में खुलासा कर दिया। इस जघन्य अपराध में मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने नशे की हालत में अपने मित्र की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि नौ अगस्त को नौरंगा गांव के पास एक ईंट भट्ठा के पास दीपक कुमार (19) का शव मिला था। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया और कई संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि मृतक दीपक कुमार अपने दो दोस्तों रोशन कुमार (19) और कुंदन कुमार (19) के साथ देखा गया था। पूछताछ में इन दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन और गले का लॉकेट भी बरामद किया है। रोशन कुमार दीपक का चचेरा भाई लगता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। घटना के दिन, इन दोनों ने दीपक को शौच के बहाने घटनास्थल पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या का मकसद दीपक के सोने के लॉकेट को चुराना था, जिसे बेचकर एक आरोपी अपने मोबाइल फोन का EMI चुकाना चाहता था।
सदर डीएसपी नूरुल हक ने बताया आरोपियों ने पहले दीपक का गला दबाया और फिर पेन से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन लोगों ने लॉकेट और मोबाइल फोन आपस में बांट लिया। आरोपियों ने पहले भी छोटी-मोटी चोरियां करने की बात स्वीकार की है, हालांकि उनके खिलाफ कभी मामला दर्ज नहीं हुआ था। छापामारी टीम में बिंद थाना अध्यक्ष रोशन कुमार, डीआईयू प्रभारी और बिंद थाना का सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे।