बिहार में बाढ़ की स्थिति : कहां सड़क बही, कहां डायवर्सन कटा? बाढ़ में फंसे 30 घरों के लोग, आठ जिलों में अलर्ट
Bihar Flood Situation : नेपाल और अपने पड़ोसी राज्यों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। कहीं से सड़क बहने तो कहीं डायवर्सन धंसने की खबर आ रही है। बाढ़ में घिरे लोगों का रेस्क्यू शुरू है। आठ जिलों के लिए सरकार ने अलर्ट जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना में गंगा नदी कई स्थानों पर सड़कों तक पहुंच गई है। सोन नदी उफान पर है, जबकि नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का रूप उग्र बना हुआ है। हिमनद पिघलने और बारिश के चलते गंडक नदी का जलस्तर भी कम नहीं हो रहा है। इसके अलावा बूढ़ी गंडक, बागमती, घाघरा और पुनपुन नदियां भी खतरे के निशान की ओर बढ़ रही हैं।
इसके चलते कहीं कटाव में मकान और मंदिर बह रहे हैं, तो कहीं सड़कों का संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और सुरक्षा के लिहाज से बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली काट दी गई है। आइए, जानते हैं मौजूदा हालात का पूरा अपडेट।
पटना में कहां-कहां खतरा, आठ जिलों को अलर्ट
जल संसाधन विभाग द्वारा प्राप्त पूर्वानुमान (Forecasting) के अनुसार पटना जिले में गांधी घाट पर आज रात्रि तथा हाथीदह (मोकामा) में दिनांक 04 सितंबर को दोपहर के समय गंगा नदी का जलस्तर उच्चतम बाढ़ स्तर (Highest Flood Level) को पार करने की आशंका है। गंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि एवं उससे उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों के नदी के किनारे एवं निचले क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों से अपील की जाती है कि वे पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।
पटना में कई जगह गंगा नदी का पानी सड़क पर दिख रहा है। इसके वीडियो वायरल हो रहे हैं। गंगा, सोन और पुनपुन नदियां खतरे के निशान के पार हैं। यही कारण है कि बख्तियारपुर में गंगा हाइवे को छू रही है। पटना शहर में सौंदर्यीकरण के लिए बनाए घाटों पर पानी भर चुका है। नदी के तट पर लोगों को जाने से रोका जा रहा है। दीघा घाट से लेकर एनआईटी घाट तक कई जगह सड़क के किनारे पानी दिख रहा है। पटना सिटी में कई घाटों को पार कर पानी आसपास के निचले इलाकों में घुसा हुआ है। जिनके नाले गंगा की ओर खुलते हैं, उनके पास उधर से ही अब पानी आ रहा है। इन सारी स्थितियों के बीच भी स्थिति अभी नियंत्रण में है।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सोन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, खगौल; गंगा-सोन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, दीघा; पुनपुन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, अनीसाबाद; पुनपुन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, पटना सिटी तथा बाढ़ नियंत्रण प्रखंड, बख्तियारपुर के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि ईसी बैग, नाइलन क्रेट, ट्रैक्टर, जेनरेटर सहित अन्य फ्लड फाइटिंग मटेरियल संवेदनशील तटबंधों के समीप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखें। गंगा से ज्यादा असर पुनपुन नदी का दिख रहा है, जो ग्रामीण इलाकों को जद में ले रही है। इधर सोन नदी का प्रभाव भी बढ़ा दिख रहा है।
प्रशासन की ओर से आपदा की स्थिति में समन्वय एवं सूचना संग्रहण के लिए जिला स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष क्रियाशील बताया गया है। आवश्यक सूचना के लिए दूरभाष संख्या 0612-2210118 एवं मोबाइल नंबर 8235449748 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है। सभी संबंधित प्रखंडों में भी प्रखंडस्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित एवं क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है।
पुनपुन इलाके में कई नदियों से परेशानी है। पुनपुन, दरधा, करुआरी, मोरहर और गंगा नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके चलते पुनपुन प्रखंड के अहियाचक, फहिमपुर, सपहुआ, चंडासी और बाकरचक समेत कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है।दरधा नदी के तेज बहाव में पटना-गया स्टेट हाईवे-1 से चंडासी और बाकरचक गांव को जोड़ने वाली करीब छह महीने पहले बनी नई सड़क का बड़ा हिस्सा बाढ़ में बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है।
पटना से सटे वैशाली जिले में एक हिस्सा आजादी के 80वें साल में भी अछूता बना हुआ है- राघोपुर। पिछले दिनों बाढ़ जैसी स्थिति के नाम पर यहां के विधायक तेजस्वी यादव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने गए थे। इस इलाके में अब असल में बाढ़ आई है। राघोपुर प्रखंड में स्थिति गंभीर हो गई है। बाढ़ के खतरे और जनजीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली कंपनी ने विभिन्न इलाकों के कुल 71 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। इससे प्रखंड के एक बड़े हिस्से में अंधेरा छा गया है। बाकी परेशानियों का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है।
पूरी खबर पढ़ें-
मुजफ्फरपुर जिले में गंडक नदी से प्रभावित होने वाले तीन प्रखंड साहेबगंज, पारू और सरैया के करीब 18 से 20 पंचायत हैं। इनमें से ज्यादातर पंचायत दियारा क्षेत्र के हैं। मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन के आंकड़े के अनुसार वर्तमान में गंडक नदी का जलस्तर रेवा घाट पर 53.78 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 54.41 मीटर पर है। दियारा इलाके में कटाव के डर से लोग दिन-रात निगरानी कर रहे हैं।
नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार के कई इलाके पहले से ही पानी की मार झेल रहे हैं। अब कटिहार के कुर्सेला में भी बढ़ता जलस्तर प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गया है। कोसी पुल के पास जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब पानी खतरे के निशान से करीब 59 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है। आसपास का पूरा निचला इलाका पानी में डूब गया है। कुर्सेला के ग्रामीणों के लिए बढ़ता पानी सिर्फ खेत डूबने का संकट नहीं है, बल्कि अब घर और पशुओं के चारे का सवाल भी खड़ा हो गया है।
बिहार के समस्तीपुर जिले में बाढ़ का असर कई तरह से पड़ता है। निचले इलाकों से किसानों और पशुपालकों के लिए पलायन की मजबूरी होती है। इस बार भी वह मजबूरी दिख रही है, क्योंकि मोहिउद्दीननगर, मोहनपुर व विद्यापतिनगर प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली गंगा व उसकी सहायक बाया नदियों में जलवृद्धि जारी है। प्रतिदिन करीब 20-30 सेंटीमीटर जलस्तर में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इससे गंगा रिहायशी इलाकों में दस्तक देने के लिए बेताब है। एक बार फिर से सोतों व ढाबों के आपस में जुड़ जाने से झील का नजारा दिखने लगा है।
मधेपुरा के चौसा और आलमनगर प्रखंड क्षेत्र के निचले इलाके में पानी बढ़ने लगा है। कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि से निचले इलाके में आवागमन और मवेशियों के लिए चारा की समस्या उत्पन्न हो गई है। प्रभावित इलाके में गांव के चारों तरफ पानी घुस जाने के कारण एक बार फिर कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होने लगी हैं। आलमनगर में 35 जगहों पर नाव का परिचालन शुरू कराया गया है। इसके साथ ही मोटर बोट सहित एसडीआरएफ टीम को तैनात रखा गया है। कोसी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित क्षेत्र की सभी सहायक नदियों में उफान का दौर जारी है। मधेपुरा-खगड़िया-भागलपुर जिला सीमा क्षेत्र से गुजरी कोसी नदी में लगातार हो रही बारिश से जलस्तर वृद्धि होने से कई गांव के निचले प्रभावित होने लगी है। जलस्तर वृद्धि से प्रखंड क्षेत्र के प्रभावित इलाके में कई समस्याएं हैं। कोसी का पानी फैलने से प्रभावित क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
रिहंद जलाशय, वाणसागर जलाशय और मुहम्मदगंज भीम बैराज से पानी की आवक ने इंद्रपुरी बैराज पर जलदबाव बढ़ा दिया है। इसके अलावा सोन नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों एवं पहाड़ी झरनों से आ रहे पानी का असर भी इंद्रपुरी बैराज पर दिखाई दे रहा है। हालांकि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मंगलवार से हीं इंद्रपुरी बैराज के सभी 69 गेट खोल दिए गये हैं। बराज से सोन नदी के निचले हिस्से में 5,16,520 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। रोहतास में 30 से अधिक घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया, जिसके कारण लोग अपने घरों में पूरी रात कैद रहे। गुरुवार को नाव के सहारे सभी लोगों का रेस्क्यू किया गया, जबकि कई लोग अब भी अपने घरों में हैं और नाव के सहारे खाने पीने एवं अन्य जरूरी वस्तुएं ढो़कर पानी उतरने का इंतजार कर रहे हैं।
मुंगेर जिले में गंगा से सटे इलाकों से लोग आशियाना छोड़कर निकलने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह जिले से परेशान करने वाली तस्वीरें आ रही हैं, क्योंकि गंगा के साथ-साथ सहायक नदियों में भी बहाव तेज है। टेटिया बंबर प्रखंड मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क पर बरसंडा गांव के समीप महाने नदी में निर्माणाधीन पुल के पास बनाया गया डायवर्सन बुधवार देर रात तेज पानी के बहाव में पूरी तरह बह गया। डायवर्सन के टूट जाने से प्रखंड मुख्यालय, थाना, अस्पताल और बाजार जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। स्कूली शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।