Bihar: बिहार के 25 डीएम को नीतीश सरकार ने भेजा लेटर, इन जिलों में नई चीनी मिलों के लिए जगह खोजने का निर्देश
Bihar Sugar Mill News: नीतीश सरकार ने रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। सरकार ने नई चीनी मिलों के लिए जमीन खोजने का निर्देश जिलाधिकारियों को दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला...
विस्तार
बिहार में बंद पड़े चीनी मिल को चालू करने के लिए पिछले कई वर्षों से आंदोलन कर रहे लोगों के लिए काम की खबर है। सरकार ने पहले ही बंद पड़े चीनी मिलों को चालू करने का निर्देश दे दिया है राज्य में फिलहाल 10 चीनी मील चालू है अब इस दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम उठा दिया है नीतीश सरकार ने बिहार के 25 जिलों में नई चीनी मिलों के लिए जमीन खोजने का निर्देश जिला अधिकारी को दे दिया है इस बात की जानकारी गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय कुमार ने मंगलवार शाम को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में दी। उन्होंने कहा कि बिहार में बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू कराने के साथ ही नई चीनी मिलों की स्थापना कराई जाएगी। इसके लिए राज्य के 25 जिला पदाधिकारियों के पास पत्र भेजकर जगह चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य में 9 चीनी मिलें कई वर्षों से बंद है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बनी सरकार राज्य में अधिक से अधिक रोजगार सृजन करने का निर्णय लिया है, ताकि बिहार के लोगों को अपने राज्य में ही रोजगार उपलब्ध हो सके। इसी को लेकर सात निश्चय में राज्य में बंद पड़ी चीनी मिलों का जीर्णोद्धार कराने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने की दिशा में गन्ना उद्योग विभाग तेजी से कार्य कर रहा है।
बिहार कहां-कहां नए चीनी मिल खोलने की तैयारी?
गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि बिहार के मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, समस्तीपुर, गया जी, शिवहर, सीवान, रोहतास, मोतिहारी, बेतिया, पटना, पूर्णिया, वैशाली, सारण, नवादा, बक्सर, भोजपुर, बेगूसराय, खगड़िया, जमुई, भागलपुर, नालंदा, बांका, मधेपुरा, मधुबनी और दरभंगा में नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए जगह चिन्हित करने का निर्देश संबंधित जिलों के जिला पदाधिकारियों को दिया गया है।
यह भी पढ़ें: विधान परिषद् में लालू-नीतीश की पार्टी के MLC के बीच भिड़ंत, सभापति ने किसे बाहर करवाया?
रैयाम और सकरी में सहकारिता विभाग की क्या है तैयारी?
उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले के रैयाम और मधुबनी जिले के सकरी में चीनी मिल की स्थापना सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार करने के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने अपनी सहमति प्रदान कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य में एक करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने का जो वादा किया है उसको लेकर गन्ना उद्योग विभाग कार्य कर रहा है। पांच वर्ष के अंदर सभी नई चीनी मिलों को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों से 427.14 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की गई है
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य में कार्यरत चीनी मिलों के माध्यम से पेराई सत्र 2025-26 में किसानों से 427.14 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की गई है, जिसमें किसानों को भुगतेय राशि 1589 करोड़ 69 लाख रुपये के विरुद्ध 1395 करोड़ 38 का भुगतान कर दिया गया है। किसानों के बकाये गन्ना मूल्य का 87.78 प्रतिशत है। शेष बकाये राशि की भुगतान कराने की कार्रवाई की जा रही है।