फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   Independence Day celebrations at Gandhi Maidan Patna Tricolour hoisted by CM Samrat Chaudhary announcement

Independence Day: गांधी मैदान में पहली बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फहराया तिरंगा, किन्हें-क्या मैसेज दिया?

Sat, 15 Aug 2026 06:40 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आदित्य आनंद Updated Sat, 15 Aug 2026 06:40 AM IST
सार

15th August Celebration Live Updates: आज पूरा देश 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जश्न मना रहा है। पटना के गांधी मैदान में खास तैयारियां की गई थी। इस बार सीएम सम्राट चौधरी पहली बार तिरंगा फहराया। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा ?
 

विज्ञापन
Independence Day celebrations at Gandhi Maidan Patna Tricolour hoisted by CM Samrat Chaudhary announcement
मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान में पहली बार तिरंगा फहराया। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। झंडोत्तोलन के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिकायतों के त्वरित निपटारे, अधिकारियों की जवाबदेही, पंचायत स्तर पर विकास, आपातकालीन सेवाओं की गति और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, जो हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से हमें स्वतंत्र भारत प्राप्त हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार को मिल रहे सहयोग एवं संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए हम सभी मिलकर समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प को साकार करेंगे तथा विकास की इस यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य प्राप्त करेंगे। आइए, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बिहार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अब हाईकोर्ट के एक जज की अध्यक्षता में एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा, जो सभी परीक्षाओं की निगरानी करेगी और व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाएगी। इसके साथ ही 17 अगस्त, सोमवार से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की जाएगी, जिसके माध्यम से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों से जुड़ी शिकायतों का समाधान अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। वहीं बिहार में छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल और कॉलेज परिसरों में ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी, जिसकी शुरुआत रक्षाबंधन के अवसर से की जाएगी ताकि छात्राओं को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण माहौल मिल सके।
विज्ञापन


30 दिन में शिकायत का समाधान नहीं तो कार्रवाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत 10 दिनों के भीतर यदि किसी अधिकारी ने कोई आदेश पारित नहीं किया, तो पहला स्पष्टीकरण जारी किया जाता है। 20 दिनों तक काम नहीं होने पर दूसरा स्पष्टीकरण और 25 दिनों तक भी शिकायत का समाधान नहीं होने पर तीसरा नोटिस पोर्टल के माध्यम से स्वतः जारी हो जाता है। 30वें दिन तक भी शिकायत का समाधान नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


17,775 अधिकारियों को पहला नोटिस
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब 17,775 अधिकारियों और कर्मचारियों को पहला नोटिस दिया जा चुका है। वहीं, 860 अधिकारियों-कर्मचारियों को दूसरा नोटिस जारी किया गया है। 25 दिन बाद जारी किए जाने वाले तीसरे नोटिस की जरूरत अब तक केवल 48 अधिकारियों-कर्मचारियों के मामलों में पड़ी है।

6.40 लाख से अधिक आवेदन, 95 प्रतिशत का निष्पादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त निगरानी और जवाबदेही के साथ काम करते हुए राज्य में अब तक 6,40,181 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 95 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का समाधान कर उनका निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने आवेदन के समाधान से असंतुष्ट है या उसे लगता है कि निर्धारित समय-सीमा में उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है, तो ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए प्रत्येक महीने के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें संबंधित आवेदनों की समीक्षा कर अधिकारियों को उचित निवारण के निर्देश दिए जाते हैं।

हर महीने पंचायतों में होगा ‘पंचायत विकास दिवस’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की करीब 85 प्रतिशत से अधिक आबादी गांवों में रहती है। इसलिए ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए अब प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को पंचायतों में ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित करने की व्यवस्था शुरू की गई है। इस दौरान पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर बैठक होगी।

112 सेवा से जुड़ीं कई आपातकालीन सुविधाएं
सम्राट चौधरी ने कहा कि ईआरएसएस यानी इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम के तहत 112 सेवा को विभिन्न आपातकालीन सेवाओं से सीधे जोड़ा गया है। इसके माध्यम से एंबुलेंस, पुलिस सेवा, अग्निशमन सेवा, हाईवे पेट्रोलिंग, डिजास्टर रिस्पॉन्स तथा महिला एवं बाल हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
 

Trending Videos

Independence Day celebrations at Gandhi Maidan Patna Tricolour hoisted by CM Samrat Chaudhary announcement
परेड की सलामी लेते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। - फोटो : अमर उजाला
अब 10 मिनट में मौके पर पहुंच रही बिहार पुलिस

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पुलिस के मौके पर पहुंचने की समय-सीमा 15 मिनट थी, लेकिन अब बिहार पुलिस आम लोगों की कॉल पर 10 मिनट के भीतर घटनास्थल तक पहुंचने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षित बिहार के साथ-साथ समृद्ध बिहार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

 

महिला सुरक्षा पर सरकार का फोकस

महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सुरक्षित सफर सुविधा योजना’ शुरू करने वाला बिहार देश का तीसरा राज्य बन गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग केंद्रों का गठन किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अब तक 855 महिला थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार जरूरी कदम उठा रही है।

 

सुरक्षित और समृद्ध बिहार बनाने का संकल्प

गांधी मैदान से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में प्रशासनिक जवाबदेही से लेकर ग्रामीण विकास, आपातकालीन सेवाओं और महिला सुरक्षा तक सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने का है।
 

 

Independence Day celebrations at Gandhi Maidan Patna Tricolour hoisted by CM Samrat Chaudhary announcement
झांकियों में अग्निशमन सेवा अव्वल - फोटो : अमर उजाला

पहले स्थान पर किस विभाग की झांकी आई?
स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की झांकी प्रस्तुति में 13 विभागों की ओर से झांकियां प्रस्तुत की गई। इसमें प्रथम स्थान पर बिहार अग्निशमन सेवा, द्वितीय स्थान पर समाज कल्याण विभाग, बिहार और तृतीय स्थान पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार की झांकी रही।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed