बिहार क्राइम: घर से निकलते ही छात्र की सिर में गोली मारकर हत्या, मौके पर मौत
पटना के दानापुर में बुधवार सुबह 19 वर्षीय रोशन कुमार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह बाइक से घर से निकला था। पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्तौल मिली है। हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
बिहार की राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक 19 वर्षीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। न्यू ताराचक के करंज रोड पर झटपटिया हनुमान मंदिर के पास बदमाशों ने रोशन कुमार के सिर में गोली मार दी। वारदात के समय वह बाइक से घर से निकला था। गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर से निकलते ही बदमाशों ने मारी गोली
परिजनों के मुताबिक, रोशन बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे बाइक लेकर घर से निकला था। घर से कुछ दूरी पर ही अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रोशन की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटनास्थल से पिस्तौल बरामद
वारदात की सूचना मिलने पर दानापुर थाने की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक पिस्तौल मिली है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद पिस्तौल का हत्या से क्या संबंध है। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
दियारा के चौरी टोला का रहने वाला था रोशन
रोशन कुमार मूल रूप से दियारा क्षेत्र के चौरी टोला का निवासी था। उसके पिता प्रमोद कुमार ने दानापुर थाना क्षेत्र के न्यू ताराचक स्थित करंज रोड पर मकान बनवाया था, जहां वह परिवार के साथ रहते हैं। 19 वर्षीय रोशन स्नातक का छात्र था। पढ़ाई के साथ वह कुछ निजी काम भी करता था।
