ध्यान दें: बिहार में 33,320 पदों पर होनी है नियुक्ति, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि दो नवंबर
बीपीएससी ने विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा टीआरई-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर है। इस भर्ती के तहत 33,320 शिक्षकों की नियुक्ति होनी है।
विस्तार
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4.0) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विज्ञापन संख्या 15/2026 के तहत 33,320 विद्यालय अध्यापकों की नियुक्ति की जानी है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अभ्यर्थी अब तीन नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि दो नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (सिविल) डायरी संख्या 28464/2025, रमन कुमार मंडल एवं अन्य बनाम बिहार राज्य एवं अन्य मामले में एक अगस्त 2025 को पारित आदेश के आलोक में आवेदन की तिथियों में विस्तार किया है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: गयाजी से बैंकॉक का सफर होगा आसान, इंडिगो की पहली नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू; पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
संबंधित वादियों को 29 अक्तूबर तक देना होगा ब्योरा
बीपीएससी ने उक्त मामले में एक अगस्त 2025 को पारित आदेश से संबंधित वादियों के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। ऐसे वादियों को अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्मतिथि के साक्ष्य के साथ आधार संख्या और मोबाइल नंबर आयोग कार्यालय में जमा करना होगा। इसके लिए 29 अक्तूबर 2026 तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थियों को आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथियों का ध्यान रखते हुए समय पर प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।