Bihar: पटना के थाने से जब्त शराब गायब, महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित; जानें क्यों?
Bihar: मालखाना प्रभारी द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज से यह साफ हुआ कि एएसआई राजेश कुमार ने सरिस्ता से शराब की बोतलें हटाई थीं और उस वक्त पंकज कुमार भी वहीं मौजूद थे। हालांकि, दोनों ही पुलिसकर्मियों ने शराब ले जाने की बात से इनकार किया है।
विस्तार
पटना के पाटलिपुत्र थाने से जब्त की गई शराब रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है। इस मामले में पाटलिपुत्रा थाने के तीन पुलिसकर्मी महिला दारोगा आशा कुमारी, एएसआई पंकज कुमार और राजेश कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व महिला दारोगा आशा कुमारी ने शराब की एक बड़ी खेप जब्त की थी, जिसे थाने के सरिस्ता में सुरक्षित रखा गया था। लेकिन जब मालखाना प्रभारी ने जब्ती सूची के आधार पर शराब की गिनती की, तो बोतलों की संख्या कम पाई गई। इस पर प्रभारी ने जब आशा कुमारी और छापेमारी दल में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ की, तो सभी ने शराब ले जाने से इनकार कर दिया।
संदेह के बाद मामले की जांच सिटी एसपी (मध्य) स्वीटी सेहरावत को सौंपी गई। सिटी एसपी ने खुद वीडियो फुटेज खंगाले और गुरुवार शाम पाटलिपुत्रा थाना पहुंचकर संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान जब पुलिसकर्मी घिरते नजर आए, तो वे चुपचाप थाने से निकल गए। इसके बाद सिटी एसपी के निर्देश पर पाटलिपुत्रा थाने में ही तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पढ़ें: अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आए मासूम छात्र की दर्दनाक मौत, इकलौते बेटे की मौत से मां हुई बेहोश
मालखाना प्रभारी द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज से यह साफ हुआ कि एएसआई राजेश कुमार ने सरिस्ता से शराब की बोतलें हटाई थीं और उस वक्त पंकज कुमार भी वहीं मौजूद थे। हालांकि, दोनों ही पुलिसकर्मियों ने शराब ले जाने की बात से इनकार किया है।
थाने में चल रही कानाफूसी की जानकारी जब सिटी एसपी को मिली तो उन्होंने तुरंत गंभीर कार्रवाई की। मामले की पुष्टि करते हुए पटना एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि तीनों आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।