बिहार: आरा-पटना मेमू ट्रेन में सीटें गायब, यात्री परेशान; डीआरएम ने दिए जांच के आदेश
आरा-पटना मेमू ट्रेन संख्या 63214 की कुछ बोगियों में सीटें टूटी या गायब हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद दानापुर डीआरएम विनोद कुमार ने जांच और व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए।
विस्तार
रेलवे लगातार विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार का दावा कर रहा है, लेकिन आरा-पटना मेमू ट्रेन की तस्वीरें इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। ट्रेन संख्या 63214 की कुछ बोगियों में बैठने वाली सीटें टूट गई हैं या पूरी तरह गायब हैं। ऐसे में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खड़े होकर या बिना उचित व्यवस्था के यात्रा करनी पड़ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दानापुर मंडल में चलने वाली आरा-पटना मेमू ट्रेन संख्या 63214 की कुछ बोगियों में सीटें टूटी हुई हैं, जबकि कुछ सीटें पूरी तरह गायब हैं। सीटों की जगह केवल ढांचा बचा है। इसके बावजूद रेलवे की ओर से ट्रेन का परिचालन लगातार जारी है। इस अव्यवस्था को लेकर यात्रियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
पढ़ें: बिहार बोर्ड ने जारी किया इंटर और मैट्रिक सेंट-अप परीक्षा का कार्यक्रम, जानें कब से होंगी परीक्षाएं
यात्री दुर्गेश कुमार, राजेश राय, मीना देवी आदि ने बताया कि इस ट्रेन से रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में सफर करने के लिए पूरा किराया देना पड़ता है, लेकिन बदले में बैठने तक की सुविधा नहीं मिल रही है।
खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। यात्रियों ने बताया कि ट्रेनें पहले से ही लेट चलती हैं और उनमें भीड़ भी रहती है। ऐसे में बोगियों में सीटें गायब होने से परेशानी और बढ़ जाती है। इस मामले में दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने जांच कराने का आदेश दिया है। उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त करने और संबंधित बोगी को हटाने की बात कही है।