Bihar News: राष्ट्रगान के अनादर को लेकर सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ परिवाद दायर, 28 मार्च को अगली सुनवाई
National Anthem Disrespect CM Nitish Kumar: बिहार के मुजफ्फरपुर की अदालत में एक याचिका दायर की गई है। इसमें सीएम नीतीश कुमार पर पटना में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान का अनादर करने का आरोप लगाया गया है।
विस्तार
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर के सीजीएम की पश्चिमी अदालत में अधिवक्ता सूरज कुमार ने परिवाद दायर किया है। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार के द्वारा राष्ट्रगान का अपमान मामले में परिवाद दायर कराया गया है।
बता दें कि सीएम नीतीश कुमार का कार्यक्रम के दौरान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसको लेकर मामला कोर्ट में आ गया। दरअसल, राजधानी पटना में एक खेल समारोह के उद्घाटन के समय राष्ट्रगान के लिए सभी खड़े थे और राष्ट्रगान के बीच ही मुख्यमंत्री पत्रकारों का अभिवादन करने लगे और बगल में खड़े वरीय अधिकारी को भी इशारा किया था, जिसको लेकर राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए मुजफ्फरपुर के अधिवक्ता सूरज कुमार ने बीएनएस की धारा-352 और 298 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। अदालत ने 28 मार्च को सुनवाई की तिथि मुकर्रर की है।
यह भी पढ़ें: बिहार की जेल में बंद पाकिस्तानी युवती को मिली बेल, आशिक बना जमानतदार, अब साथ रह सकेंगे
मामले में अधिवक्ता सह परिवादी सूरज कुमार ने बताया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना में एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि आए थे। इसी दौरान राष्ट्रगान से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। लेकिन देखा गया कि सीएम नीतीश कुमार अजीबोगरीब हरकत कर रहे हैं और उस समय राष्ट्रगान गाया जा रहा था।
इस दौरान उन्होंने कई लोगों को टोकने की कोशिश किया। इस प्रकार की हरकत करना भारत के संविधान के नियम और राष्ट्रगान का अपमान है, जिससे आहत होकर मैंने सीजेएम की अदालत में मामला दर्ज कराया है। इसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए सुनवाई की तिथि 28 मार्च 2025 मुकर्रर किया है।
यह भी पढ़ें: बिहार बोर्ड इंटर के रिजल्ट का इंतजार; जानें कब होगा जारी और कैसे करें डाउनलोड