Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Patna News ›   bihar drug control department raid 34 medicines shops patna gm road

बिहार: दवा दुकानों पर औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, 34 जगह छापेमारी; 17 से अधिक पर मिली गड़बड़ी

Fri, 20 Nov 2026 07:58 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Fri, 20 Nov 2026 07:58 AM IST
सार

बिहार के 18 जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग ने 34 दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। 17 से अधिक स्थानों पर अनियमितताएं मिलीं। बिना लाइसेंस संचालित एक दुकान में दवाएं सील की गईं। पटना के जीएम रोड पर सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर में संदिग्ध दवाएं और रिकॉर्ड संबंधी गड़बड़ियां सामने आईं।

विज्ञापन
bihar drug control department raid 34 medicines shops patna gm road
दवा दुकानों पर औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बिहार में दवाओं की अवैध बिक्री और संदिग्ध दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार (19 नवंबर) को राज्य के 18 जिलों में दवा दुकानों पर एक साथ छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 34 स्थानों पर जांच की गई, जिसमें 17 से अधिक जगहों पर अनियमितताएं सामने आई हैं। एक बिना लाइसेंस संचालित दवा दुकान में दवाओं को सील किया गया है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन

विभाग की इस कार्रवाई में दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, संदिग्ध दवाओं की बिक्री और जरूरी रजिस्टर का संधारण नहीं किए जाने जैसे मामले सामने आए हैं। पटना के जीएम रोड स्थित तीन दवा प्रतिष्ठानों में भी विशेष जांच की गई, जहां कई दवाओं की प्रामाणिकता पर सवाल उठे हैं।

विज्ञापन

18 जिलों में 34 जगहों पर छापेमारी

औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह अभियान पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रारंभिक जांच में 17 से अधिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित एक दुकान में दवाओं को सील कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा कारोबार से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पटना के जीएम रोड पर तीन दवा दुकानों की जांच

पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर नामक दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच की गई। इस दौरान तीनों दुकानों में अलग-अलग तरह की अनियमितताएं और संदिग्ध दवाएं सामने आईं।

सागर मेडिको से चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए
सागर मेडिको में जांच के दौरान संदेह के आधार पर चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। विभाग को आशंका है कि इन दवाओं में एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण हो सकता है। नमूनों की जांच कर इसकी पुष्टि की जाएगी।

मुरली फार्मा में खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड नहीं मिले

मुरली फार्मा में जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड के रखरखाव में कई अनियमितताएं मिलीं। प्रतिष्ठान की ओर से टीबी यानी क्षय रोग के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं और एनआरएक्स (NRx) श्रेणी की एक दवा की बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया।
इसके अलावा दो अन्य दवाओं की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच के दौरान शेड्यूल एच-1 (Schedule H1) का अनिवार्य रजिस्टर भी नहीं मिला। दवाओं की बिक्री से संबंधित अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
इसी दुकान में एजिथ्राल-500 (Azithral 500) नाम की एक संदिग्ध दवा भी मिली, जिस पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। विभाग ने इस दवा की एक स्ट्रिप निर्माता कंपनी को भेजकर उसकी प्रामाणिकता की जांच कराने के लिए ली है। कंपनी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पॉपुलर में मिलीं पांच संदिग्ध दवाएं

जीएम रोड स्थित पॉपुलर दवा प्रतिष्ठान में भी पांच दवाओं की प्रामाणिकता पर संदेह जताया गया है। इन दवाओं को संबंधित निर्माता कंपनियों के पास सत्यापन के लिए भेजा गया है। शुरुआती स्तर पर कंपनी ने इन दवाओं को अपना उत्पाद मानने पर संदेह जताया है। दवाओं की तस्वीरों के मिलान में भी अंतर पाया गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

भोजपुर और सारण में भी मिलीं संदिग्ध दवाएं

भोजपुर जिले के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में जांच के दौरान नारकोटिक श्रेणी की औषधि मिली है। विभाग इस मामले में आवश्यक जांच कर रहा है।
वहीं, सारण जिले के छपरा में एक दवा दुकान पर ऐसी दवाएं मिली हैं, जिनकी निर्माण अनुमति, औषधीय संरचना और लेबलिंग को लेकर संदेह है। इन दवाओं के संबंध में संबंधित निर्माता कंपनी से पत्राचार कर जरूरी दस्तावेज और तथ्यों का सत्यापन कराया जाएगा।

आगे भी जारी रहेगा छापेमारी अभियान

औषधि नियंत्रण विभाग ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि निरीक्षकों को दवाओं के अवैध निर्माण, बिक्री और सरकारी दवाओं के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की लगातार जांच करने का निर्देश दिया है।


विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी राज्य के अलग-अलग इलाकों में विशेष छापेमारी और औचक निरीक्षण जारी रहेगा। सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री, बिना लाइसेंस दवा कारोबार, बिना अनुमति दवाओं के निर्माण और खरीद-बिक्री के अनिवार्य रिकॉर्ड नहीं रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed