Bihar Crime: नालंदा में चोरों का तांडव, सोए परिवार के घर से लाखों के गहने और नकदी उड़ाई
Nalanda Crime: थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि हमें पीड़ित परिवार से चोरी की सूचना मिली है। हम मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच में जुट गए हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
विस्तार
नालंदा जिले में चोरों ने एक बार फिर अपनी धमक दिखाई है। वेना थानाक्षेत्र के इमली बीघा गांव में शनिवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। जहां चोरों ने लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित परिवार के सदस्य बाली कुमार ने बताया कि वह शनिवार को किसी काम से घर से बाहर गए थे। घर में उनकी मां, बहन और भाभी थीं। रात को खाना खाने के बाद सभी सो गए। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया और घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। बाली कुमार ने बताया कि चोरों ने फ्रिज पर रखी पेटी का ताला खोलकर उसमें से सोने की दो जोड़ी बालियां, एक चेन, नथिया, मंगलसूत्र, चांदी के दो जोड़े पायल, हाथ का बाला और 10 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। सबसे हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी चोरी हो गई और घरवालों को भनक तक नहीं लगी।
उन्होंने बताया कि घटना का पता अगले दिन सुबह चला, जब परिवार के सदस्य उठे और देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने तुरंत वेना थाना पुलिस को सूचित किया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि हमें पीड़ित परिवार से चोरी की सूचना मिली है। हम मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच में जुट गए हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।